रायपुर
इन उपकरणों से हो रही वन रक्षक भर्ती
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 1 दिसंबर। वन विभाग में जारी वन रक्षक भर्ती नें एक गंभीर खामी सामने आई है। एक वृत (संभाग) की शारीरिक दक्षता परीक्षा में असफल अभ्यर्थी दूसरे वन वृत की परीक्षा दे रहे है। इसे लेकर विभाग ने कोई चेक प्वाइंट नहीं बनाया गया है।
विभाग के भरती नियमों में एक से अधिक वृत में आवेदन न करने का प्रावधान न करने से अभ्यर्थी दो-दो संभाग में आवेदन कर चुके हैं। भर्ती का जायजा लेने कल छत्तीसगढ़ संवाददाता कोटा स्टेडियम पहुंचे तो परीक्षा ले रही टीम और अभ्यर्थियों से चर्चा के दौरान यह मामला सामने आया। उनका कहना था कि एक वृत में कोशिश करने के बाद सैकड़ो अभ्यर्थी पड़ोस के वृत यहां तक कि रायपुर वृत की परीक्षा में भी शामिल हो रहे हैं। ऐसे लोगों की छंटनी को लेकर कोई स्पष्टता नहीं है।
यह भी मालूम चला कि कांग्रेस शासन काल में पहले भी इन 1484 पदों की वेकेंसी निकली थी। इस बीच चुनाव प्रक्रिया शुरू हो जाने से भर्ती आगे नहीं बढ़ पाई और अब नई सरकार से अनुमति लेकर पुन शुरू की गई। इसमें कांग्रेस शासन के समय आवेदन करने वाले सभी अभ्यर्थी के आवेदन मान्य किए गए । इस तरह से कुल 4.32 लाख अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी गई। पूरा फिजिकल टेस्ट इलेक्ट्रॉनिक डिजिटल उपकरणों की मदद से लिया जा रहा है। इसके लिए वन विभाग ने मेसर्स टाइमिंग एंड टेक्लानाजी इंडिया लिमिटेड हैदराबाद से कांटेक्ट किया है। जो सभी छह वृत में 7 दिसंबर तक टेस्ट लेगा और पास अभ्यर्थियों की सूची देगा।
पीसीसीएफ श्रीनिवास राव ने शनिवार शाम कोटा स्टेडियम जाकर भर्ती का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए । इस भर्ती पर निगरानी के लिए वन विभाग की पीसीसीएफ, सीसीएफ डीएफओ, एसडीओ, रेंजर से लेकर वर्दी वाले कर्मचारी तैनात किए गए हैं । रायपुर वृत में कर्मचारी कम पडऩे पर बलौदाबाजार वन मंडल से भी कर्मचारी और रायपुर शिक्षा विभाग के व्यायाम शिक्षक भी बुलाए गए हैं।
दूसरी ओर विभाग के ऐसे कर्मचारी जिनका शारीरिक दक्षता से सीधा संबंध है ऐसे कर्मचारियों को इसमें शामिल नहीं किया गया है। इसे लेकर भी तरह तरह की चर्चाएं हैं। ये सभी खेल कोटे से नियुक्त किए गए थे। इनकी भर्ती राष्ट्रीय वन खेलकूद उत्सव से ठीक पहले ही की गई थी। ये सभी वन अनुसंधान कार्यालय जीरो प्वाइंट में पदस्थ किया गया है। इसके विपरीत जंगल और जानवरों की सुरक्षा वाले मैदानी कर्मचारियों को पखवाड़े भर के लिए इंगेज कर दिया है। इस दौरान हाथियों को हमले, उनकी मौत और अन्य जंगली जानवरों को शिकार होने की घटनाएं जारी है।
उपकरण खराब होने की खबर
इस बीच मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ मंडल में 16 नवंबर को हुए फिजिकल टेस्ट, उपकरणों की खराबी की वजह से नहीं हो पाया था । यहां रायगढ़, धर्म जय गढ़ और जांजगीर चांपा के आवेदकों का तीन नालियों में टेस्ट होना था। इन सभी को आज रविवार को बुलाया गया है।
दैवेभो का हाईकोर्ट से संज्ञान लेने का आग्रह
इस बीच विभाग में दशकों से कार्यरत दैवेभो कर्मचारियों ने हाईकोर्ट से स्वत:संग्यान लेकर भर्ती स्थगित करने का आदेश देने की मांग की है। इनका कहना है कि इन पदों पर दैवेभो को प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। जबकि पूर्व में हुए आंदोलन हड़ताल को खत्म करने की चर्चा के दौरान वन मंत्री ,एसीएस वन और पीसीसीएफ ने इसका भरोसा दिलाया था। साथ ही उन्हें नियमित करने की मोदी की गारंटी दी गई थी। और यह 10 वर्ष की सेवा पूर्ण कर चुके दैवेभो को नियमित करने के सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का भी उल्लंघन है। अब सीधी भर्ती की जा रही है ।