रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 नवंबर। भाजपा संगठन चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ के प्रभारी नितिन नबीन ने आज तीन घंटे से अधिक समय तक पदाधिकारियों की बैठक ली।
इसमें संगठन चुनाव में पार्टी ने मंडल और जिला अध्यक्ष के पद पर युवाओं को मौका देने का फैसला लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार भाजपा ने मंडल अध्यक्ष के लिए 45 वर्ष की आयु और जिला अध्यक्ष के लिए 60 वर्ष की उम्र तय की है। यानि 45 साल से अधिक आयु वाले कार्यकर्ता ?मंडल अध्यक्ष नहीं बन सकेंगे। बात करें भारतीय जनता युवा मोर्चा की तो यहां उम्र की सीमा घटा दी गई है। युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष के लिए 35 से घटाकर 32 वर्ष की आयु तय की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी खूबचंद पारख ने बताया कि चुनाव के लिए नई नियमावली जारी की गई है। जिसके तहत मंडल अध्यक्ष के लिए निर्धारित आयु सीमा 35 से 45 वर्ष होगी, जबकि जिलाध्यक्ष के लिए आयु 40 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हालांकि मंडल और जिला कार्यकारिणी में 60 वर्ष से अधिक पदाधिकारी, और सदस्य रखे जाएंगे, ताकि उनके अनुभवों का लाभ लिया जा सके। पार्टी अब सेकेंड लाइन तैयार करने की ओर आगे बढ़ रही है।
इस पर छत्तीसगढ़ प्रभारी नितिन नबीन ने कहा है कि भाजपा युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका देना चाहती है इसलिए ऐसा किया गया है। आयु सीमा तय किए जाने को लेकर प्रदेश भाजपा प्रभारी नितिन नबीन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि बीजेपी युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका दे रही है। बीजेपी और कांग्रेस में जमीन-आसमान का अंतर है, कांग्रेस में केवल गांधी परिवार को मौका मिलता है। बीजेपी में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को समान अवसर मिलता है।
पिछली सदस्यता संख्या से दोगुना लक्ष्य
86 दिनों के अभियान में प्रदेश के 60 लाख प्राथमिक सदस्य बनाए गए हैं। इस लक्ष्य के पूरा होने की खुशी में पार्टी नेताओं ने गुब्बारे छोड़े। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी नीतिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिहदेव, सदस्यता प्रभारी अनुराग सिंह देव। सीएम विष्णु देव साय ने एक ट्वीट में कहा कि हमारे छत्तीसगढ़ प्रदेश में विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक संगठन भाजपा की सदस्यता संख्या अपने लक्ष्य 60 लाख के आंकड़ें को पार कर गई है। राष्ट्र निर्माण में मजबूत सहभागी बनने को तत्पर इन सभी सदस्यों का भाजपा परिवार में हार्दिक स्वागत करता हूं।