रायपुर

हेलमेट सीट बेल्ट नियमों का कड़ाई से हो पालन- साय
30-Nov-2024 2:06 PM
हेलमेट सीट बेल्ट नियमों का कड़ाई से हो पालन- साय

ट्रामा स्टेब्लाईजेशन यूनिट्स का कार्य जल्द पूर्ण करें

21 महीनों में 7826 ड्राइविंग लायसेंस निलंबित 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 30 नवंबर।
सीएम विष्णु देव साय ने आज  राज्य सडक़ सुरक्षा परिषद की बैठक में सडक़ दुर्घटनाओं के नियंत्रण के लिए  हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग  कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने पर सडक़ दुर्घटनाओं में मृत्यु की संभावना 40 प्रतिशत तक कम हो सकती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सडक़ों पर ब्लैक स्पॉट के सुधार कार्य में तेजी लाने,  दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों के इलाज के लिए ट्रामा स्टेब्लाईजेशन यूनिट्स का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।

8 दुर्घटनाजन्य क्षेत्रों राजनांदगांव, धरसींवा अभनपुर, पाली, सिमगा, सुकमा, बेमेतरा और पत्थलगांव में ट्रामा स्टेब्लाईजेशन यूनिट निर्माण के लिए राशि स्वीकृत की गई है।  मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के ‘‘बस संगवारी एप’’ लांच कर पोस्टर का विमोचन किया। 

बैठक में बताया गया कि  राज्य के स्कूलों में कक्षा पहली से लेकर दसवीं तक  पाठ्यपुस्तकों में सडक़ यातायात नियमों से संबंधित अध्याय पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है। यह भी बताया गया कि यातायात व्यवस्था का इलेक्ट्रॉनिक सर्विलेंस रायपुर, बिलासपुर और नवा रायपुर में किया जा रहा है। भिलाई और दुर्ग में यह व्यवस्था आंशिक रूप से संचालित है। सितंबर 23 से अक्टूबर 24 तक 101 ब्लैक स्पॉट और 748 जंक्शन के सुधार कार्य पूर्ण किए गए हैं। 

अधिकारियों ने बताया कि यातायात नियमों के उल्लंघन पर परिवहन विभाग ने  6 लाख 70 हजार से अधिक तथा पुलिस ने 4 लाख 87 हजार से अधिक चालानी कार्यवाही की  है। 01 जनवरी 23 से 31 अक्टूबर 2024 तक 7826 ड्राइविंग लायसेंस निलंबित किया गया है। 14 हजार 261 वाहनों में व्हीकल लोकेशन ट्रेकिंग डिवाइस, 72 हजार से अधिक वाहनों में स्पीड गवर्नर तथा 2200 बसों में पेनिक बटन लगाए गए हैं। बैठक में ब्लैक स्पॉट पहचानकर सुधार, सडक़ों में यातायात संकेतक, होर्डिंग्स हटाने, फुटपाथ, पार्किंग, सर्विस लेन से अतिक्रमण हटाने आदि कार्यों की समीक्षा की गई। 

बैठक में मुख्य सचिव  अमिताभ जैन, एसीएस मनोज कुमार पिंगुआ, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, स्कूल शिक्षा सचिव  सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, मुख्यमंत्री के सचिव  पी. दयानंद, बसव राजू एस. और  राहुल भगत, परिवहन सचिव एस. प्रकाश, आबकारी सचिव श्रीमती आर. संगीता, एडीजी ट्रेफिक  प्रदीप गुप्ता, अपर परिवहन आयुक्त  डी. रविशंकर उपस्थित थे। सभी संभागों के आयुक्त आईजी वर्चुअली बैठक में शामिल हुए। अंतर्विभागीय लीड एजेंसी के अध्यक्ष एवं एआईजी ट्रेफिक  संजय शर्मा ने बैठक में प्रेजेंटेशन दिया।


अन्य पोस्ट