रायपुर

सरकार धान नहीं खरीदने का षड्यंत्र कर रही है-बैज
29-Nov-2024 7:52 PM
सरकार धान नहीं खरीदने का षड्यंत्र कर रही है-बैज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 नवंबर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने पत्रकारवार्ता में कहा कि सरकार धान नहीं खरीदने का षड्यंत्र कर रही है। विष्णु देव साय सरकार की नई नीति से स्पष्ट है कि वह किसानों से धान खरीदी कम करना चाहती है। इस बार 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य है। इसके लिए  31 जनवरी तक  सरकारी छुट्टियों को घटाकर कुल 47 दिन मिल रहे हैं। इसका मतलब यह है कि प्रति दिन सरकार को लगभग साढ़े तीन लाख टन की खऱीदी प्रति दिन करनी होगी, तब जाकर लक्ष्य पूरा होगा। वर्तमान में जिस रफ्तार से धान खरीदी हो रही है उसमें लक्ष्य प्राप्त करना असंभव लग रहा। सोसाइटियो को निर्देश है कि एक दिन में अधिकतम 752 क्विंटल यानी 1880 कट्टा धान ही खरीदा जाना है। ऐसे में एक किसान का शेष धान के लिये उसको आगामी दिनों की तारीख दी जा रही है।

  बैज ने कहा कि अनावरी रिपोर्ट गलत बनाई जा रही जिसके आधार पर मात्र 9 से 12-14 क्विंटल धान खरीदा जा रहा। किसानों से पूरा 21 क्विंटल धान नहीं खरीदा जा रहा है। बीज उत्पादक किसानों से सोसायटी में धान नहीं खरीदा जा रहा। सोसायटी में सूचना चस्पा की  गई है कि बीज उत्पादक किसानों का धान नहीं लिया जायेगा। सोसायटी में बारदाना की कमी है किसान परेशान है। सरकार ने कहा है कि 50 प्रतिशत नये 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग किया जाए। 50 प्रतिशत पुराने बारदाने समितियों में पहुंचे ही नहीं है, जिसके कारण धान खरीदी बाधित हो रही है। खरीदी केन्द्रो में टोकन नहीं जारी किया जा रहा है किसान घंटो खड़े रहते है। आनलाईन टोकन सिस्टम के कारण किसानों को 15 दिन बाद का भी टोकन नहीं मिल रहा है।

बैज ने आरोप लगाया कि साय सरकार ने की मिलिंग नीति के कारण मिलर धान का उठाव नहीं कर रहे। इससे सोसायटी में धान जाम हो गया है। मिलर्स ने मिलिंग न करने की भी घोषणा कर रखी है।

पूरा धान खरीदेंगे-केदार

इधर प्रदेश के सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि किसानों का पूरा धान खरीदा जाएगा। खरीदी केन्द्रों में कोई अव्यवस्था नहीं है। किसानों के साथ अन्याय नहीं होने देंगे।

आप पार्टी करेगी विरोध

आप पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल साहू,प्रमुख प्रवक्ता सूरज उपाध्याय एवं विजय कुमार झा ने किसानों के साथ छत्तीसगढ़ राज्य में हो रही धोखेबाजी की निंदा की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मांग की है कि किसानों के लिए मोदी की गारंटी अब वारंटी साबित हो रही है। इसलिए सुशासन के तहत तत्काल धान खरीदी हेतु किए गए वादे के अनुरूप 3100 प्रति क्विटल में क्रय करने का निर्देश देने हेतु कृषि मंत्री को मुख्यमंत्री निर्देशित करें। अन्यथा आम आदमी पार्टी प्रधानमंत्री से छत्तीसगढ़ राज्य के किसानों की ओर से शिकायत करेगा तथा आवश्यकता पडऩे पर जिलों में धान खरीदी केंद्रों में विरोध प्रदर्शन भी किए जाएंगे।


अन्य पोस्ट