रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। प्रदेश भाजपा के संगठन प्रभारी बिहार के मंत्री नितिन नवीन दो दिन के दौरे पर शनिवार को रायपुर आ रहे। वे ठाकरे परिसर में प्रदेश के सभी नेताओं की बैठक लेंगे। इसमें संगठन चुनाव, और निकाय चुनाव की तैयारी पर भी चर्चा होगी।
नबीन, संगठन के जिलाअध्यक्षों के चुनाव की पूरा बिसात तय करेंगे। संकेत हैं कि 35 जिलों में से दो दर्जन जिलों में नए अध्यक्ष चुने जाने हैं। इसके लिए नबीन, सांसद विधायक और मंत्रियों से उनकी राय जानेंगे। ये चुनाव दिसंबर में ही होने हैं। उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष का भी चुनाव होगा। हालांकि किरण देव सिंह को दूसरा कार्यकाल मिलना तय माना जा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष चुनाव के लिए कम से कम 20 जिलाध्यक्षो के नए चुनाव कराने की भी बाध्यता है। पार्टी ने तीन दिन पहले ही राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया था। उनके भी आने की खबर है। इससे पहले कल 30 नवंबर को संगठन चुनाव की कार्यशाला रखी गई है।
कार्यशाला में प्रदेश चुनाव अधिकारी, सह चुनाव अधिकारी, राष्ट्रीय पदाधिकारी, राष्ट्रीय मोर्चा के पदाधिकारी, प्रदेश पदाधिकारी, जिला प्रभारी, सह प्रभारी, मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष, सक्रिय सदस्यता प्रदेश टोली, प्राथमिक सदस्यता प्रदेश टोली, जिला अध्यक्ष, महामंत्री, जिला के चुनाव अधिकारी, सह चुनाव अधिकारी, जिला सक्रिय सदस्यता प्रभारी, सदस्यता अभियान के जिला संयोजक बुलाए गए हैं।