रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। बच्चे की किडनैपिंग फिर हत्या करने वाले आरोपी को कोर्ट ने फांसी की सजा सुनाई है। जिला अदालत ने दोषी पाए जाने पर सप्तम सत्र न्यायाधीश ने मामले में उरला निवासी पंचराम को मृत्युदंड की सजा सुनाई है।
दो साल पहले आरोपी ने पड़ोस में रहने वाली एक महिला से एकतरफा प्यार के चलते वारदात को अंजाम दिया था। उरला इलाके में रहने वाले 4 साल के हर्ष का पंचराम ने 5 अप्रैल साल 2022 को किडनैप कर हत्या कर दी थी। पड़ोसी पंचराम सुबह 10 पड़ोस में रहने वाली महिला के दोनों बच्चों 6 साल के दिव्यांश और 4 साल के हर्ष चेतन को घुमाने के बहाने बाइक से ले गया। लगभग आधे घंटे बाद दिव्यांश को उसने घर लाकर छोड़ दिया। इस बीच छोटे लडक़े की हत्या कर पंचराम वहां से भाग निकला। परिजनों ने बच्चे की खोजबीन की इस बीच पंचराम भी गायब था।
उरला पुलिस को शिकायत मिलने के बाद पंचराम की खोजबीन शुरू कर दी। आस-पास के कैमरा फुटेज खंगाले गए और पूछताछ की गई। जानकारी मिली कि पंचराम ने घटना के बाद दुर्ग जाकर अपनी बाइक 15 हजार बेच दी है। इसी बीच पुलिस ने पंचराम को महाराष्ट्र में लोकेट किया गया।
पुलिस ने बताया कि पंचराम बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। टीम ने 7 अप्रैल 2022 की रात को नागपुर के पास पंचराम को ट्रेस कर हिरासत में लिया। पूछताछ में पंचराम ने इस बात को कबूला है कि वह बेमेतरा के एक गांव में बच्चे को अपने साथ लेकर गया और वहां मिट्टी तेल डालकर आग लगा दी।
उसने बताया कि वह बच्चे की मां से प्यार करता था, इसलिए उसने बच्चे की हत्या की है। कोर्ट ने गवाहों और साक्ष्यों के आधार पर दोषी पाया जिसपर जिला अदालत सप्तमद सत्र न्यायाधीश ने कल शाम पंचराम को मृत्युदंण्ड की सजा सुनाई।