रायपुर
सुपारी देकर हिस्ट्रीशीटर महिलाओं की मदद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 नवंबर। गुरूवार शाम शास्त्री बाजार में दुकान पर कब्जे और खाली कराने को लेकर दो कारोबारियों में जमकर मारपीट तोडफ़ोड़ हुई। यह बवाल करीब दो घंटे तक चला। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
मिली जानकारी के अनुसार शास्त्री बाजार में छुरा ट्रेडर्स नाम से दुकान है। इस दुकान व जमीन पर मालिकाना हक कब्जे को लेकर मनीष छुरा और एक अन्य कारोबारी हरीश विजय गंगवानी के बीच विवाद चल रहा है ।कल शाम करीब 6.30 बजे दोनो पक्ष के दो दर्ज से अधिक लोग कब्जे को लेकर आपस में भिड़ गए। इनमें महिलाएं अधिक थीं। जो 307, चाकूबाजी, एनडीपीएस जैसे मामलों में जेल जा चुकी थीं। और इलाके के गुंडा लिस्ट में भी शामिल हैं।
बताया गया है कि दुकान खाली कराने की सुपारी इन महिलाओं को दी गई थी। इन महिलाओं ने दुकान पहुंच कर जमकर हाथापाई तोडफ़ोड़ की। इस दौरान मनीष छुरा(31), हरीश गंगवानी (22) भी अपने अपने गुट का नेतृत्व कर रहे थे। इन लोगों ने जमकर गाली गलौज, कुर्सियां तोडक़र हमले भी किए। दुकान के भीतर भी तोडफ़ोड़ की गई। चंद मिनटों बाद पूरे बवाल का वीडियो भी वायरल होने लगा। वहां से गुजर रहे लोग भी पूरे बवाल को देखते हुए बाजार में जाम का कारण बने।करीब तीन घंटे बाद दोनों पक्ष गोलबाजार थाने पहुंच एक दूसरे पर रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस ने धारा 296,351-2,115-2,324-4,3-5 के तहत अपराध दर्ज किया।टीआई अर्चना धुरंधर ने बताया कि आज सभी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बाजार टाइम में कहां है विजिबल पुलिसिंग
यह घटना विजिबल पुलिस के दावों की न केवल पोल खोल रही है बल्कि बाजार के पीक टाइम में पुलिस की गैर हाजिरी को भी साबित कर रही है। एसपी कांफ्रेंस में सीएम विष्णु साय से लेकर डीजीपी,आईजी के साथ जिले के एसएसपी स्वयं टीआई एएसपी सीएसपी से कहते रहे हैं कि शाम के बाजार समय में पुलिस के बूट की धमक सडक़ पर सुनी जानी चाहिए। लेकिन कल की इस घटना के अलावा भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकीं हैं हो रहीं हैं। जहां पुलिस घटना के बाद पहुंच रही है या पीडि़त पक्ष ही थाने पहुंच कर जानकारी दे रहा है। यह घटना स्थल तो कोतवाली और गोलबाजार थानों के बीच महज पांच सौ मीटर की दूरी पर है। करीब दो घंटे से अधिक समय तक बवाल मचता रहा। इस बवाल में कई हिस्ट्रीशीटर महिला अपराधी भी शामिल रहीं।इन महिलाओं को मनीष या हरीश किसने बुलाया था सुपारी दी थी, पुलिस जांच कर रही है ।

