रायपुर
तेलीबांधा, न्यू राजेन्द्र नगर इलाकों में गैंगवार नहीं थम रहा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 25 नवंबर। राजधानी में सार्वजनिक स्थलों और सरे राह गुंडागर्दी थमने का नाम नहीं ले रही। बदमाश अब दुकान और घरों में घुसकर हमले करने लगे हैं। रविवार रात चार-पांच लडक़ों के गुट ने एक युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है। युवक पर ईंट फेंककर भी हमला किए हैं। इस दौरान जब युवक जान बचाने न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में नरेश इलेक्ट्रॉनिक शोरूम नरेश मार्केटिंग में घुसा तो आरोपी वहां भी घुस गए। युवक से बांस के डंडे से जमकर मारपीट की। यह शो रूम हाईवे से लग कर है।
मिली जानकारी के मुताबिक यह मारपीट पहले सिविल लाइंस इलाके से शुरू हुई। और रात पौने 9 बजे वहां से दोनों पक्ष भागते भागते करीब दो किमी दूर स्थित न्यू राजेन्द्र नगर इलाके में पहुंचे। वहां पर हंगामा की स्थिति बनी रही। बदमाशों की गुंडागर्दी और मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है कि चार-पांच लडक़ों ने एक युवक का पीछा कर उसे घेर लिया। सभी के हाथ में बांस के डंडे और ईंट थे। वे लगातार युवक पर वार करने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उनके बीच गाली-गलौज होने पर शोरूम के अंदर मौजूद स्टाफ भी बाहर आ गया। इसके बाद तो धड़ाधड़ कर इलाके की दुकाने बंद होने लगीं।
हालांकि कि इस मामले में राजेन्द्र नगर पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा है। उनसे पूछताछ कर हमलावर अन्य साथियों की तलाश कर रही है। वहीं घायल युवक की भी पहचान नहीं हो पाई है। बता दें कि हाल के दिनों में तेलीबांधा और न्यू राजेंद्र नगर थाना इलाके के बीच के एक बड़े हिस्से में गैंगवार छिड़ी हुई है। इसके नतीजे में एक हत्या भी हो चुकी है। और उसके बाद गवाहों पर हमला भी किया गया था।