रायपुर

रायपुर दक्षिण में बड़ी जीत से भाजपा के रणनीतिकार गदगद
24-Nov-2024 7:25 PM
रायपुर दक्षिण में बड़ी जीत से भाजपा के रणनीतिकार गदगद

साय और बृजमोहन को श्रेय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 24 नवंबर। रायपुर दक्षिण में बड़ी जीत से भाजपा के रणनीतिकार गदगद हैं। पार्टी के रणनीतिकारों को जीत की उम्मीद तो थी, लेकिन 46 हजार से अधिक वोटों से जीत मिलेगी इसकी उम्मीद नहीं थी। जीत का सेहरा सीएम विष्णुदेव साय के साथ-साथ सांसद बृजमोहन अग्रवाल पर बांधा जा रहा है।

उपचुनाव में कम मतदान से पार्टी के रणनीतिकार चितिंत थे। उन्हें जीत का अंतर कम होने का अनुमान था। वजह यह है कि कॉलोनी इलाकों में कम पोलिंग हुई थी, जो कि भाजपा का गढ़ माना जाता है। आम चुनाव की तुलना में 10 फीसदी कम वोटिंग हुई थी। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मतगणना के बाद सांसद बृजमोहन अग्रवाल की मौजूदगी में हुई एक समीक्षा बैठक में भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी की करीब 20 हजार के आसपास जीत मिलने का अनुमान लगाया गया था।

दूसरी तरफ, कांग्रेस के रणनीतिकारों को कम मतों से जीत की उम्मीद थी। यद्यपि प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में मेयर एजाज ढेबर ने जीत को लेकर शंका जाहिर कर दी थी। इसकी वजह भी थी कि कांग्रेस के परम्परागत वोट बैंक माने जाने वाले मुस्लिम बाहुल्य इलाकों में काफी कम मतदान हुआ था। मगर 46 हजार की जीत से हर कोई हैरान है।

राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि बड़ी जीत में महतारी वंदन योजना की भूमिका अहम रही है। दक्षिण में महिला वोटरों की संख्या पुरूषों की तुलना में ज्यादा है। महतारी वंदन की राशि सीधे उनके खाते में जाने से महिलाएं उत्साहित रही हैं। महिलाओं ने भाजपा के पक्ष में भारी मतदान किया है। सीएम विष्णुदेव साय ने अपने सभी मंत्रियों को गली-मोहल्लों में प्रचार के लिए भेजा था। ब्राम्हण जैसे कई समाजों में नाराजगी की खबर थी जिसको उन्होंने सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ मिलकर दूर किया। इन सबका नतीजा यह रहा कि सुनील सोनी एक बड़ी मार्जिंन से जीतने में कामयाब रहे।


अन्य पोस्ट