रायपुर

धान का उठाव नहीं, मिलिंग की राशि बढ़ाने की मांग पर अड़े मिलर्स, सरकार तैयार नहीं
22-Nov-2024 4:18 PM
धान का उठाव नहीं, मिलिंग की राशि बढ़ाने  की मांग पर अड़े मिलर्स, सरकार तैयार नहीं

संग्रहण केंद्रों में धान सुरक्षित रखने की तैयारी भी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 22 नवंबर। कस्टम मिलिंग की राशि बढ़ाने की मांग पर अड़े राईस मिलर्स धान का उठाव नहीं कर रहे हैं। उन्होंने एग्रीमेंट करने से मना कर दिया है। इन सबके बीच धान की आवक में तेजी को देखकर मार्कफेड ने अपनी तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार से संग्रहण केंद्रों में धान रखने का का काम शुरू कर दिया जाएगा।

सरकार राईस मिलर्स की मांगों पर झुकने के लिए तैयार नहीं है। इन सबको देखते हुए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रदेश में धान खरीदी की रफ्तार तेज हो रही है, और अब तक समर्थन मूल्य पर करीब 6 लाख टन धान खरीदे जा चुके हैं। मौसम में बदलाव को देखते हुए धान को सुरक्षित रखने के लिए व्यवस्था बनाई जा रही है।

मार्कफेड के एमडी रमेश शर्मा ने ‘छत्तीसगढ़’ से चर्चा में कहा कि सोमवार से धान संग्रहण केंद्रों में रखने का सिलसिला शुरू हो जाएगा। संग्रहण केंद्रों में करीब 45 लाख मीट्रिक टन धान रखने की व्यवस्था है। व्यवस्था को और बढ़ाई जा सकती है।

दूसरी तरफ, राईस मिलर्स ने हड़ताल का ऐलान तो नहीं किया है लेकिन एग्रीमेंट भी नहीं करा रहे हैं। प्रदेश के किसी भी जिले में कस्टम मिलिंग के लिए एग्रीमेंट  नहीं हुआ है। मिलर्स कस्टम मिलिंग की राशि यथावत 120 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं। जबकि सरकार ने मिलिंग की राशि घटाकर 60 रुपये कर दी है। पिछली सरकार ने मिलिंग की राशि तीन गुणा बढ़ा दी थी इससे उगाही के आरोप भी लगे थे। ईडी इस पूरे मामले की जांच भी कर रही है। मार्कफेड और नॉन के एमडी मनोज कुमार सोनी जेल में हैं। इन सबको देखते हुए कस्टम मिलिंग पॉलिसी में बदलाव किया गया है जिसका मिलर्स विरोध कर रहे हैं।

इन सबके बीच मिलर्स और खाद्य विभाग के अधिकारियों के बीच चर्चा का दौर चल रहा है। मिलर्स पिछले दिनों सीएम से मिलकर अपनी बात रख चुके हैं। बावजूद इसके मिलर्स की अघोषित हड़ताल खिंच सकती है।


अन्य पोस्ट