रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 22 नवंबर। गुरुवार को राजधानी शहर में सात घंटे के अंतराल में लूट की दो घटनाएं हुई। इसमें लुटेरे नगदी और सोने की चेन झपट्टा मार ले गए।
पहली घटना सुबह सुबह 8 बजे टैगोर नगर के पॉश एरिया में हुई। यहां रहने वाला मोहित चांदे (47) पैदल घर जा रहा था । तभी मोहल्ले के गणपति प्रोविजन स्टोर्स के पास पीछे से एक्टिवा से आया लडक़ा मोहित के गले से सोने की चेन झपटकर भाग निकला। मोहित की रिपोर्ट पर कोतवाली में धारा 304 का मामला दर्ज किया गया। पुलिस के मुताबिक चेन की कीमत 42626 रूपए थी।
इधर दोपहर तीन बजे पंडरी इलाके के कांपा बस्ती मंडी रेलवे गेट के पास लूट हुई। अवंति गार्डन दलदल सिवनी निवासी युवक मानिक तलरेजा(21) रास्ते से अपनी ई बाइक से जा रहा था । उसके पिता हार्डवेयर का कारोबारी है। जूपिटर बाइक सवार दो लडक़े उसके करीब पहुंचे और रूकवाया। दोनों ने चेहरे पर दुपट्टा बांधा हुआ था। और गले में चाकू टिकाकर मानिक से एप्पल का फोन,और 31हजार रूपए लेकर वापस मंडी रोड से फरार हो गए। दोपहर इस कच्ची सडक़ पर राहगीरों की आवाजाही कम ही रहती है। लुटेरों ने इसी का फायदा उठाया। मानिक की रिपोर्ट पर पंडरी पुलिस ने धारा 309-4,3-5 का मामला दर्ज किया है। इस पूरी सडक़ पर दिन हो या शाम रात हमेशा ही लूट छिंतई मारपीट का खतरा बना रहता है। इस सूनी सडक़ होने की वजह से अपराधी भी महफूज मानते हैं। सडक़ पर कहीं भी सीसीटीवी का कवरेज नहीं है।
केवल शार्टकट रास्ता होने से देवेंद्र नगर से मोवा की ओर जाने लोग मजबूर होते हैं। पुलिस रेल लाइन से लगी बस्तियों में आरोपियों की पतासाजी कर रही है। और पंडरी,देवेंद्र नगर थाने के चोरी लूट के पुराने बदमाशों को भी खंगाल रही है।
पुलिस की गाड़ी में नशाखोरी
इस बीच बदमाश अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि वे गिरफ्त में आने के बाद भी पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। एक ऐसा ही वीडियो वायरल है। टिकरापारा पुलिस ने गत दिवस 3-4 अपराधी पकड़े थे। उन्हें कोर्ट ले जाने पुलिस वैन में बिठाया गया था। और ये तीनों गाड़ी के भीतर ही नशा करते रहे। और बकायदा इसका वीडियो बनाकर फेसबुक में वायरल भी किया। सफेद रंग की बोलेरो टिकरापारा थाने की बताई गई है। यह बोलेरो पुलिस ने किराए पर लिया हुआ है।