रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 नवंबर। संभाग आयुक्त महादेव कावरे ने आज मेडिकल कॉलेज रायपुर एवं इससे संबद्ध अम्बेडकर चिकित्सालय के स्वशासी समिति की प्रबंध कार्यकारिणी की बैठक ली। इस बैठक में स्वशासी बजट के उपयोग का ब्यौरा लिया और 7 अगस्त की बैठक में लिए निर्णयों के पालन एवं क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने बताया कि चिकित्सालय के पेइंग वार्डो के नवीनीकरण 26 एसी, केजुअल्टी विभाग में 9 एसी और सीटीवीएस विभाग 05 एसी के क्रय की प्रक्रिया जेम पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। डॉ. सोनकर ने बताया कि चिकित्सालय में साइनेज बोर्ड लगाये जाने एवं अन्य नवीनीकरण कार्य करवाये जाने से संबंधित प्रस्ताव कार्यालय आयुक्त चिकित्सा शिक्षा छ.ग. को प्रेषित किया जा चुका है। चिकित्सालय के रेडियोडायग्नोसिस विभाग के लिए न एक प्रेशर इंजेक्टर मशीन के सीजीएमएससी से खरीदी जा रही है। यह मशीन सीटी स्कैन, एमआरआई और इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के लिए बेहद उपयोगी है। अधिष्ठाता डॉ. विवेक चौधरी ने बताया कि फोरेंसिक मेडिसिन विभाग के अंतर्गत नई वर्चुअल पोस्टमार्टम मशीन के क्रय स्पेसिफिकेशन तैयार किया जा रहा है। संबंधित फर्मों को बुलाकर पहले उसका डेमोंस्ट्रेशन और फिर सीजीएमएससी को मांगपत्र भेजेंगे। चिकित्सालय के उपयोग 02 ए. एल. एस. एम्बुलेंस, रेडियोलॉजी विभाग के लिए नवीन सी. टी. स्कैन एवं एम. आर. आई. मशीन का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है। मरीजों की सीटी स्कैन एवं एमआरआई जांच में वेटिंग कम करने के लिए डीकेएस अस्पताल प्रबंधन से चर्चा हुई है। इसका भुगतान आयुष्मान योजना अंतर्गत संबंधित एजेंसी को किया जाएगा।
मरीज के परिजनों को निशुल्क भोजन वितरण के इच्छुक सामाजिक संस्थाओं सहित अन्य आम नागरिक के लिए चिकित्सालय परिसर में शेड निर्माण के लिए? भेजे प्राक्कलन पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को बुलाकर रिव्यू करने को कहा गया।