रायपुर

भाजपा में लौटा नेता सक्रिय सदस्य नहीं बनेगा
21-Nov-2024 4:01 PM
भाजपा में लौटा नेता सक्रिय सदस्य नहीं बनेगा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 21 नवंबर।  भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को एक बैठक में सदस्यता अभियान, सक्रिय सदस्यता और बूथ समितियों के चुनाव की समीक्षा की। यह तय किया गया कि 30 नवंबर तक सक्रिय सदस्यता के साथ बूथ समितियों के चुनाव कर लिए जाएंगे। उसके बाद मंडल और जिला संगठन के चुनाव होंगे। राष्ट्रीय नेतृत्व में दिसंबर मध्य तक   प्रदेश के सभी चुनाव निपटाने के निर्देश दिए हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह भी तय किया गया कि पिछले विधानसभा, लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी छोड़ जाने वाले, बागी चुनाव लडऩे वाले जिन्होंने पुन: पार्टी में वापसी की है उन्हें सक्रिय सदस्य नहीं बनाया जाएगा। इसके साथ ही पूर्व अध्यक्ष नंदकुमार साय जैसे नेताओं की सक्रिय सदस्यता नहीं मिल पाएगी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने भाजपा का सदस्यता अभियान लगातार जारी है। 25 नवंबर तक सक्रिय सदस्यता अभियान चलेगा वहीं भाजपा का संगठन चुनाव 30 नवंबर तक पूरा किया जाएगा। इसके लिए लगातार भाजपा संगठन चुनाव के लिए बनाए गए पदाधिकारी बूथ, मंडलों में जाकर बैठक भी ले रहे हैं।

पिछली बार प्रदेश में सदस्य संख्या 31 लाख थी जो इस बार 53 लाख से पार हो चुकी है, लेकिन हमें अपने लक्ष्य की प्राप्ति तक निरंतर कार्य करना है। क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कहा कि  छत्तीसगढ़ में रहने वाले हर वर्ग, हर क्षेत्र के लोगों में भाजपा से जुडऩे को लेकर उत्साह का माहौल रहा।

सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने कहा कि अभी तक की रिकॉर्ड सदस्यता करने के लिए कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन स्वरूप अलग-अलग श्रेणी में सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया है।

बैठक को प्रदेश महामंत्री जगदीश रामू रोहरा, संजय श्रीवास्तव, संगठन चुनाव के प्रदेश संयोजक खूबचंद पारख ने भी संबोधित किया।


अन्य पोस्ट