रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 नवंबर। पश्चिम विधायक पूर्व मंत्री रहे राजेश मूणत ने मंगलवार को नगर निगम, स्मार्ट सिटी और पीडब्लूडी अफसरों के साथ बैठक की। इसमें यह पता लगाया कि किस वार्ड का कौन सा कार्य समय पर और कौन से काम लेट हो रहा। इसके पीछे कारण और समाधान पर चर्चा की।
मूणत ने कहा कि किसी भी काम का टेंडर तब तक जारी नहीं किया जाए, जब तक कि उसके लिए जमीन उपलब्ध नहीं हो जाती। मूणत ने इंजीनियरों को सभी साइट पर नियमित निरीक्षण पर जाने कहा। ईई 15 दिन में एक बार तथा असिस्टेंट इंजीनियर 7 दिन में एक बार निरीक्षण करेंगे, तो काम में किसी तरह की अनावश्यक रुकावट नहीं आ सकती। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्कूल के परिसर में केवल वही निर्माण किया जाए, जिससे स्कूली बच्चों को सुविधा मिले। अन्य तरह के निर्माण नहीं किए जाएं।
मूणत ने बैठक में कुछ कार्यों के रुके होने का जिक्र करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होना चाहिए। अफसरों को अगर कोई दिक्कत आ रही तो, वे अपने आला अफसरों को बताकर निर्णय ले सकते हैं, लेकिन देरी न हो। उन्होंने कहा कि नया निर्माण जोडऩे से लोगों को बेहतर सुविधा मिल सकती है, तो वे इसका प्लान मुझसे शेयर कर सकते हैं।