रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 19 नवंबर। सोमवार को सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और एनएचएआई के अधिकारियों के साथ एक म बैठक की। राजधानी की यातायात को सुगम बनाने और सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा और योजना बनी।बैठक में परियोजनाओं पर चर्चा की गई।
सांसद अग्रवाल ने 600 करोड़ रुपये की लागत से सरोना चौक, उद्योग भवन चौक, तेलीबांधा चौक और 400 करोड़ रुपये की लागत से धनेली जंक्शन पर प्रस्तावित फ्लाईओवर पर प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में 3,500 करोड़ रुपये की लागत से 186 किमी लंबे रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ हाईवे और 5,600 करोड़ रुपये की लागत से 228 किमी लंबे धमतरी-जगदलपुर हाईवे को चौड़ा कर चार लेन का बनाने की कार्ययोजना की जानकारी भी ली गई। सांसद अग्रवाल ने कहा, रिंग रोड नंबर 5 के किनारे 11 मीटर चौड़ी सर्विस लेन निर्माण,तेलीबांधा से टाटीबंध तक एलिवेटेड रोड बनाने की कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सरोना- इंद्रप्रस्थ के बीच रिंग रोड पर अंडरपास निर्माण पर भी विचार किया गया है।
इसके साथ ही पीडब्ल्यूडी के निर्मित एक्सप्रेस वे को एनएचएआई को सौंपने के लिए सडक़ एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भी लिखा है।
बैठक में नगर निगम कमिश्नर अविनाश मिश्रा, पीडब्ल्यूडी अधिशासी अभियंता गोविंद अहिरवार, एनएचएआई क्षेत्रीय अधिकारी दिग्विजय सिंह, प्रबंधक तकनीकी प्रवीण विजयवार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।