रायपुर
12 जोड़े बंधे परिणय सूत्र में, सीएम ने दिया आशीर्वाद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवंबर। रायपुर के फुंडहर में निषाद समाज के युवक-युवती परिचय सम्मेलन में आदर्श विवाह में 12 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। जोड़ों को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आशीर्वाद देने के साथ कई घोषणाएं भी की।
रविवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निषाद समाज द्वारा किए जा रहे इस कार्य की सराहना की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री साय ने गोबरा नवापारा में समाज के सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रूपए देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने गत दिनों छरछेद घटना के पीडि़त परिवार की सहायता राशि को बढ़ाकर 20 लाख रुपए करने और साथ ही पीडि़त परिवार के चार बच्चों को 18 वर्ष होते तक प्रतिमाह 4 हजार रूपए की भी सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि पीडि़त परिवार के 2 युवाओं को कलेक्टर दर पर नौकरी दी जा चुकी है। मुख्यमंत्री साय ने सब-इंस्पेक्टर पद पर चयनित समाज के 10 युवाओं को सम्मानित भी किया।
प्रदेश अध्यक्ष व विधायक कुंवर सिंह निषाद ने समाज की उपलब्धियां बताई। साथ ही सामाजिक भवन के लिए एक करोड़ की मांग रखी।
कार्यक्रम रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू निषाद भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मछुआ महासंघ एम आर निषाद, महासचिव मनोहर लाल निषाद, युवा प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष शरद पारकर, महिला प्रकोष्ठ प्रदेश अध्यक्ष सुशीला निषाद, सुरेश धीवर सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।