रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवंबर। हर शुक्रवार जुमे के दिन नमाज के बाद होने वाली तकरीर को वक्फ बोर्ड की मंजूरी लेने के फरमान से मुस्लिम समाज भडक़ गया है। इस मामले में एआईएमआईएम के मुखर सांसद असऊद्दीन ओवैसी से लेकर छत्तीसगढ़ के मुस्लिम नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। वहीं, डॉ. सलीम राज ने आज मीडिया से चर्चा में कहा कि उन्हें धमकी मिल रही है।
छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष और भाजपा नेता डॉ. सलीम राज ने प्रदेश के सभी मस्जिदों के मुतव्वलियों को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि जुमे की नमाज के बाद होने वाली तकरीर की विषय वस्तु को बोर्ड से मंजूरी के बाद ही मौलाना तकरीर कर सकेंगे। बोर्ड हर मस्जिद पर जुमे के दिन नजर रखेगी। यह व्यवस्था 22 नवंबर से लागू हो रही है।
इस पर एआईएमआईएम के मुखिया असऊद्दीन ओवैसी ने एक्स पर लिखा कि छत्तीसगढ़ की सरकार का वक्फ बोर्ड चाहता है के जम्माह का खुतबा देने से पहले खतीब अपने खुतबे की जांच वक्फ बोर्ड से करवाए और बोर्ड की इजाजत के बिना खुतबा ना दें। अब भाजपाई हमें बताएंगे कि दीन क्या है? अब अपने दीन पर चलने के लिए इनसे इजाजत लेनी होगी? वक्फ बोर्ड के पास ऐसी कोई कानूनी ताकत नहीं, अगर होती भी तो भी वो संविधान के दफा 25 के खिलाफ होती।
इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ के रिटायर्ड पुलिस अफसर शोएब खान ने कहा है कि मीर जाफर और जय चंद तो यूँ ही बदनाम रहे और भी हैं मीर जाफरो की टोली है इस ज़माने में।
बर्बाद गुलिस्ताँ करने को बस एक ही उल्लू काफ़ी था। हर शाख़ पे उल्लू बैठा है अंजाम-ए-गुलिस्ताँ क्या होगा ?
शोएब खान ने आगे कहा कि जिस कौम के आस्तीन में सांप हो उन्हें दुश्मनों की ज़रूरत नहीं।
उन्होंने कहा कि जिनके आबा वो अजदाद ने कभी मस्जिद का रुख़ न किया हो नमाज़ के बाद या पहले तकऱीर होती है ये न मालूम हो वो बता रहें है कि इमाम को (दीनी )तकरीर के लिए बोर्ड से अप्रूवल लेना होगा। वो बतायें किस क़ानून के तहत ये अप्रूवल लेना होगा ?
उन्होंने कहा कि ये तो लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने वाला डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट भी तकऱीर को अप्रूवल के लिए भेजने नहीं कह सकता। बोर्ड के अवैध रूप से बिठाए गए अध्यक्ष को बताना चाहिए और उनके हामियों को भी बताना चाहिए।
शोएब खान ने आगे कहा कि इस तरह कुफ्फ़़ार भी ऐसा नहीं सोचते या कहते कोई ये किसी पार्टी का दफ़्तर नहीं या बोर्ड किसी की निजी मिल्कियत नहीं जो किसी की सनक और हनक पर चले मस्जिद अल्लाह का घर है और मुतवल्ली उसकी देखरेख करने वाला इमाम दीनी तकऱीर करते हंै।
ओवैसी इसमें अपनी नाक नहीं घुसेड़े- पंकज झा
छत्तीसगढ़ के मस्जिदों में जुमे की तकरीर से पहले उसकी वक्फ बोर्ड से मंजूरी को लेकर हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर सीएम साय के मीडिया सलाहकार पंकज झा ने पलटवार किया है। अपने एक्स पोस्ट में झा ने ओवैसी से कहा है कि इसमें अपनी नाक नहीं घुसेड़े यही आग्रह है।
झा ने लिखा है कि सबसे पहली बात तो यह मियां कि वक्फ बोर्ड किसी सरकार का नहीं होता। वह स्वायत्त होता है। आपसे बड़ा ही कोई दीनी होगा, जो उसके सदर होंगे। दीन और कथित ईमान के बारे में आपसे बोर्ड को सीखने की जरूरत तो होगी नहीं।
जहां गुंडागर्दी से अपनी निजाम कायम रखे हैं आप, वहीं रहिए कृपया। छत्तीसगढ़ में आग लगाने की इजाजत आपको नहीं दी जायेगी। यहां कानून-व्यवस्था हर हाल में बहाल रखी जायेगी। यहां संविधान किसी भी मजहब से ऊपर माना जाता है। आर्टिकल 25 की धमकी कहीं और उपयोग करें।
तारीख गवाह है कि मस्जिद से दी गयी तकरीरों के कारण अनेक बार फसाद हुए हैं। लोगों के घर-बार उजड़े हैं। सो अगर बोर्ड के अध्यक्ष को, जो जाहिर है मुस्लिम होने के कारण ही दीन की आपसे अधिक समझ रखते हैं, लगा होगा कि ऐसे किसी बयानों पर नजर रखनी चाहिये, तो यह हमारे प्रदेश का आपसी विषय है। यह लॉ एंड ऑर्डर का मुआमला है। इसमें अपनी नाक नहीं घुसेड़े यही आग्रह है।