रायपुर

रबी में धान को रोक रही सरकार-साहू कांग्रेस अफवाह की फैक्ट्री-नेताम
18-Nov-2024 3:56 PM
रबी में धान को रोक रही सरकार-साहू कांग्रेस अफवाह की फैक्ट्री-नेताम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 18 नवंबर।
 रबी सीजन के धान बुआई को लेकर तीन जिलों में रोक लगाने के आदेश जारी किए गए हैं। 6 नवंबर को  रायपुर, धमतरी और राजनांदगांव जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि ग्रीष्मकालीन धान के रकबे में कमी करना है और दलहन तिलहन को बढ़ावा देना है। इसके लिए गांवों में  धान लेने वाले किसानों के पंप कनेक्शन काटने और जुर्माने कि वसूली की मुनादी की जा रही है। 

सरकार के इस आदेश पर पूर्व वरिष्ठ विधायक धनेंद्र साहू और कृषि मंत्री रामविचार नेताम में तू तू मैं मैं छिड़ गई हैं । नेताम ने कांग्रेस और नेताओं को अफवाह फैलाने की फैक्ट्री बताया है।

पीसीसी के पूर्व अध्यक्ष साहू ने रबी के धान की बुआई पर रोक लगाने जैसे सरकारी आदेश के हवाले से आज सुबह मीडिया से चर्चा की । साहू ने कहा भाजपा सरकार धान की फसल को हतोत्साहित कर रही है, किसान कोई गांजा अफीम की खेती नहीं कर रहे ।सरकार किसानों को धान की खेती नहीं करने दे रही। कई जिलों में कलेक्टर गांवों में कोटवारों से मुनादी करवा रहे हैं। किसानों को धान की खेती से न रोका जाए। कृषि मंत्री नेताम ने कहा कि ऐसा कोई आदेश नहीं दिया गया है ।कांग्रेस अफवाह फैलाने की फैक्ट्री है।और उसके नेता अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।
 


अन्य पोस्ट