रायपुर

22 से वक्फ बोर्ड की मंजूरी के बाद ही जुमे की तकरीर
17-Nov-2024 4:44 PM
 22 से वक्फ बोर्ड की मंजूरी के बाद ही जुमे की तकरीर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 17 नवंबर।   हर शुक्रवार जुमे के दिन नमाज ये बाद होने वाली तकरीर को बोर्ड से पहले मंजूरी लेनी होगी ।

छत्तीसगढ़ राज्य वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष और भाजपा नेता डॉ सलीम राज ने प्रदेश के सभी मस्जिदों के मुतवल्लियों को एक पत्र भेजा है।

 डॉ राज ने कहा है कि तकरीर की विषय वस्तु को बोर्ड से मंजूरी को बाद ही मौलाना तकरीर कर सकेंगे। बोर्ड हर मस्जिद पर जुमे के दिन नजर रखेगी। यह व्यवस्था 22 नवंबर से लागू होगी।

वक्फ बोर्ड ने इस व्यवस्था के लिए प्रदेश के तमाम मस्जिदों के मुतवल्वियों का एक व्हाट्सऐप ग्रुप बना दिया है। इस ग्रुप में हर मुतवल्ली को जुम्मे की तकरीर का विषय डालना होगा। विषय की लाइन डालनी होगी। वक्फ बोर्ड से नियुक्त एक अधिकारी उस विषय और लाइन को परखेगा। उसके अप्रूवल के बाद ही फिर मस्जिदों में मौलाना उस विषय पर तकरीर, यानी भाषण या प्रवचन कर सकेगें। बोर्ड अध्यक्ष ने कहा कि उनके निर्देश नहीं मानने पर मुतव्वलियों और मौलानाओं पर एफआईआर भी दर्ज कराए जा सकते हैं, क्योंकि वक्फ बोर्ड एक्ट ऐसा करने का अधिकार भी देता है।

राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के वरिष्ठ नेता डॉ राज हाल में पूर्व जस्टिस मिनहाजुद्दीन को हटाकर अध्यक्ष बने हैं।

विरोध भी

वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष सलाम रिजवी ने कहा कि ऐसा कैसे संभव है कि पूरे छत्तीसगढ़ में स्थित लगभग 4500 मस्जिदों को एक साथ मॉनिटरिंग किया जा सके, वह भी इस बात को लेकर कि हर हफ्ते जुमे की तकरीर का विषय क्या होगा। सलाम रिजवी ने कहा कि तकरीर में कुरान और हदीस की बातें कही जाती हैं और आज तक ऐसा कोई मौका नहीं आया जब छत्तीसगढ़ के किसी मस्जिद में कभी भडक़ाऊ बात कही गई हो।

उन्होंने कहा कि यह सच है कि मुस्लिम समाज आज फिरकों में बंटा हुआ है। भाजपा से जुड़े नेताओं की चिंता इस बात की है कि हर हफ्ते जुमे के मौके पर एकत्र होने वाले मुस्लिम समाज अगर फिरकों को एक करने की अपील कर दे तो फिर हमारा क्या होगा। समाज से जुड़े कुछ नेता अपनी राजनैतिक रोटी सेंकने के लिए मस्जिदों पर पाबंदी लगाना चाहते हैं, मगर समाज ऐसे नेताओं को जड़ से मिटा देगा।

मौलाना सैयद अशरफ मियां ने पूछा कि  डॉ राज ये बताएं कि वे अपनी जिंदगी में कितनी दफा जुमे की नमाज पढऩे गए। क्या उन्हें पता है कि तकरीर क्या होती है ? अशरफ मियां ने दावे के साथ कहा उन्होंने कि सालों पहले एक दो बार ही डॉ राज को जुमे की नमाज पढऩे के लिए जाते हुए देखा है। उनका आदेश बेबुनियाद है और मस्जिदों के इमामों पर कोई नकेल नहीं कस सकता। वक्फ बोर्ड जहां भी इमामों को तनख्वाह देता है वहां वो इमामों पर अपना नियंत्रण रख सकता है।


अन्य पोस्ट