रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 17 नवंबर। बीती रात नारायणपुर 11.8 और सरगुजा 10.6 डिग्री के साथ सबसे ठंडी गुजरी। वहीं बलरामपुर, जीपीएम,कोरिया और मुंगेली 12 डिग्री पर रहे।रायपुर से बस्तर संभाग के जिलों में रात का तापमान 15-19 डिग्री रहा। इसके साथ ही गर्म ऊनी कपड़ों के परम्परागत बाजार भी सजने लगे हैं।
वातावरण में नमी की मात्रा घटने और उत्तर से आने वाली शुष्क हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट बढऩे की संभावना है। प्रदेश में कल मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ 32 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 71 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित है, जो समुद्र तल से 5.8 किमी की ऊंचाई पर मध्य क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में द्रोणिका के रूप में उपस्थित है। इसके प्रभाव से प्रदेश में सोमवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में ठंडी हवाओं का प्रभाव अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगा। इसके चलते तापमान में और गिरावट होने की संभावना है