रायपुर

चुनाव प्रचार में चोर कहा था... अब जाकर मांगी माफी
16-Nov-2024 2:33 PM
चुनाव प्रचार में चोर कहा था... अब जाकर मांगी माफी

 भाठागांव जमीन विवाद 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर,16 नवंबर।
भाठागांव में जमीन से जुड़े प्रकरण पर आक्रोशित लोगों को शांत करने की नीयत से अपनी ही पार्टी के नेता के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में रायपुर दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा घिरे रहे हैं। अब आकाश ने सोशल मीडिया पर अपने बयान के लिए माफी मांगी है। 

भाठागांव में चारागान की जमीन की खरीद-बिक्री का मामला सुर्खियों में रहा है। भाठागांव रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में आता है। चुनाव के दौरान यह मुद्दा इलाके में चर्चा का विषय रहा है। यह बात सामने आई थी कि जमीन कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष इकबाल सिंह भल्ला ने खरीदी है। भल्ला खरीददारों में से एक हैं। और जब कांग्रेस प्रत्याशी आकाश शर्मा चुनाव प्रचार के लिए भाठागांव पहुंचे तो इकबाल सिंह के कांग्रेस से जुड़े होने की वजह से उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा। 

आकाश शर्मा ने लोगों को शांत करते हुए यह कह दिया कि इकबाल सिंह भल्ला हमारी पार्टी का कार्यकर्ता नहीं है, चोर है। ऐसे फालतू छाप लोग हमारी पार्टी में नहीं हो सकते। इसके बाद भल्ला ने आकाश के बयान पर आपत्ति जताई थी। भाठागांव में न सिर्फ कांग्रेस प्रत्याशी बल्कि भाजपा का भी विरोध हो रहा था। चारागान की जमीन के खरीददार एक भाजपा नेता के करीबी हैं। आकाश का वीडियो वायरल हुआ था। भाजपा ने इसको काफी प्रचारित भी किया। अब चुनाव निपटने के बाद आकाश शर्मा ने सार्वजनिक दौर पर खेद जताया है। 

उन्होंने फेसबुक पर लिखा कि विगत दिनों पूर्व मेरे चुनाव प्रचार के दौरान भाठागांव क्षेत्र में घटित एक प्रकरण में इकबाल सिंह भल्ला के नाम से जो (चिन्हांकित व्यक्तियों) के द्वारा चुनाव प्रचार के दौरान माहौल बिगाडऩे की कोशिश की गई, जिसे शांत करने के लिए मेरे द्वारा एक बयान दिया गया था जिसमें चयन किए शब्द को मैं गलत मानता हूं। अगर आपको किसी प्रकार की आहत पहुंची हो तो उसके लिए मैं क्षमाप्रार्थी हूं। 
 


अन्य पोस्ट