रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 13 नवंबर। छत्तीसगढ़ अधिकारी कर्मचारी फेडरेशन ने मुख्य सचिव अमिताभ जैन को पत्र लिखकर डीए के एरियर्स के नगद भुगतान की मांग की है। फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने अपने पत्र में कहा है कि प्रदेश के कर्मचारी 9माह के एरियर्स से वंचित हैं ।
वर्मा के मुताबिक राज्य पुनर्गठन अधिनियम-2000 की धारा 68 (2) के प्रावधानों के तहत, 28 अक्टूबर को मध्यप्रदेश शासन के आदेश में कर्मचारियों को 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता का लाभ 1 जनवरी 24 से प्रभावशील किया गया है। आदेश में नगद भुगतान माह नवंबर 24 से और एरियर्स की राशि का भुगतान 4 समान किश्तों में करने का उल्लेख है। वहीं छत्तीसगढ़ शासन के द्वारा 17 अक्टूबर को जारी आदेश में 50 प्रतिशत महंगाई भत्ता को 1 अक्टूबर 24 से प्रभावशील किया गया है। जिसके कारण जनवरी 2024 से सितंबर 2024, कुल 9 माह का एरियर्स लाभ से छत्तीसगढ़ के कर्मचारी-अधिकारी वंचित हैं।
फेडरेशन शासन से यह माँग करता है कि छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को भी महंगाई भत्ता एरियर्स भुगतान आदेश मध्यप्रदेश के आदेशानुसार जारी करने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करें।