रायपुर
रायपुर, 12 नवंबर। भारतीय जनता पार्टी के प्राथमिक सदस्यता अभियान 2024 के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में अभी तक की रिकॉर्ड सदस्यता करने वाले कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन स्वरूप अलग-अलग श्रेणी में सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह सम्मान समारोह जिला एवं प्रदेश स्तर पर इसी महीने के अंत में आयोजित किया जाएगा। सदस्यता अभियान के प्रदेश संयोजक अनुराग सिंहदेव ने बताया कि 100 से अधिक सदस्य बनाने वालों को जिला स्तर पर सदस्यता शतक वीर, 500 से अधिक सदस्य बनाने वालों को सदस्यता शक्ति पुरस्कार, 1000 से ऊपर सदस्य बनाने वालों को सदस्यता दीप और प्रदेश स्तर पर 3000 से ऊपर सदस्य बनाने वालों को सदस्यता श्री, 5000 से ऊपर सदस्य बनाने वालों को सदस्यता गौरव, 10000 से ऊपर सदस्य बनाने वालों को सदस्यता रत्न और 20000 से ऊपर सदस्य बनाने वालों को सदस्यता भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही विधायकों, सांसदों को पृथक से सम्मानित किया जाएगा। सिंहदेव ने कहा कि इन पुरस्कारों का वितरण जिलास्तर पर प्रभारी मंत्री, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी एवं जिला अध्यक्ष की उपस्थिति में किया जाएगा। प्रदेशस्तरीय के पुरस्कार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जम्वाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की उपस्थिति में प्रदान किया जाएगा।