रायपुर
18 राज्यों के आदिवासी नर्तक शामिल होंगे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 10 नवंबर। राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में 14- 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के भव्य राज्य स्तरीय आयोजन की तैयारी की जा रही हैं। इस दौरान जनजातीय गौरव पर आधारित विविध कार्यक्रमों में विषय विशेषज्ञ सहित कई राज्यों के आदिवासी नर्तक दलों एवं कलाकारों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। अब तक 18 राज्यों के 22 आदिवासी नर्तक दलों ने इस दो दिवसीय आयोजन में शामिल होने के लिए अपनी सहमति दी है। इनमें पुरूष एवं महिला कलाकारों की संख्या लगभग 425 है।
इस आयोजन में पीएम नरेन्द्र मोदी 15 नवंबर को जमुई बिहार से वर्चुअल रूप से जुडक़र शुभारंभ करेंगे और पीएम जनमन योजना में शामिल जिलों के हितग्राहियों से चर्चा भी करेंगे। सीएम विष्णुदेव साय की पहल पर राज्य के सभी जिला मुख्यालयों में भी एक दिवसीय गौरव दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि जनजातीय गौरव दिवस के शुभारंभ कार्यक्रम का लाईव प्रसारण पीएम जनमन योजना में शामिल जिलों में दो-तरफा संवाद एवं शेष जिलों में केबल प्रसारण की व्यवस्था की जा रही है। साइंस कॉलेज मैदान में कार्यक्रमों की शुरूआत 14 नवंबर को पूर्वान्ह 11 बजे से होगी। दोनों ही दिन संध्या 3 बजे से अंतर्राज्यीय लोक नर्तक दलों की प्रस्तुति के साथ-साथ संगोष्ठी का आयोजन तथा जनजातीय जीवन शैली पर चित्रकला का प्रदर्शन होगा।