रायपुर

रिहायशी मकान में स्कूल, कॉलोनीवासी विरोध में उतरे
05-Nov-2024 7:02 PM
रिहायशी मकान में स्कूल, कॉलोनीवासी विरोध में उतरे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 5 नवंबर। रिहायशी इलाकों में आवासीय नक्शे पर बने भवनों में स्कूल संचालन को लेकर विरोध जोर पकडऩे लगा है । मंगलवार को डीडी नगर के सेंचुरी कॉलोनी के रह वासियों ने वहां संचालित सेंट थॉमस इंग्लिश मीडियम हायर सेकंडरी स्कूल को न चलने देने की मांग को लेकर प्रदर्शनरत हैं।

मिली जानकारी के अनुसार यह स्कूल कॉलोनी में प्रवेश करने वाली 20 फीट सडक़ के मुहाने पर बने आवासीय भवन पर वर्षों से संचालित हैं । तीन दशक से अ्धिक समय से समस्या झेल रहे कॉलोनीवासियों से अब समस्या सहन नहीं होने पर आज विरोध में उतर आए। इस स्कूल में नर्सरी से 12 वीं तक की कक्षाएं चलती है। और 300 से अधिक बच्चे पढ़ते हैं। स्कूल का अपना मैदान न होने से इस गली नुमा सडक़ पर ही स्कूल वैन, शिक्षकों के वाहन पार्किंग के साथ बच्चे खेलते कूदते भी हैं। और बच्चों को पिक ड्राप के लिए आने वाले अभिभावकों के वाहन भी समस्या बने रहते हैं। इससे कॉलोनीवासियों के लिए सुगम आवाजाही के साथ अपने ही घरों के सामने  पार्किंग स्पेस नहीं रह जाता। इसे देखते हुए रहवासी ने अब स्कूल न चलने देने की बात लेकर आज विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

इसी तरह का एक स्कूल दलदल सिवनी रोड पर भी  आवासीय भवन में संचालित है। यह भी थ्री फोर बेड रूम के मकान में संचालित हैं।एक मेडिकल स्टोर्स समूह के इस स्कूल में पालकों के बड़े वाहन रहवासियों को समस्या बने रहते हैं। इस स्कूल की मान्यता सीबीएसई ने दी या सीजी बोर्ड ने इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं है। इससे कुछ ही दूरी पर एक और निजी हाई स्कूल ऐसे ही गली नुमा इलाके में संचालित है।

बीईओ, डीईओ की भूमिका संदिग्ध

ऐसी जगह में बिना मैदान, दबड़ेनुमा कमरों में सैकड़ो बच्चों वाले स्कूल को मान्यता देने, उसके नवीनीकरण   को लेकर शिक्षा विभाग पर भी उंगली उठ रहीं हैं। विभाग मान्यता को लेकर तो कड़े नियमों की दुहाई देता है लेकिन जमीन पर हकीकत कुछ अलग ही है। विभाग के बीईओ, डीईओ आदि हर वर्ष इन सुविधाओं के निरीक्षण और उपलब्ध होने पर ही मान्यता देने और  नवीनीकरण से नाम पर केवल औपचारिकता निभाते हैं। वहीं आवासीय नक्शे पर बने भवन का कमर्शियल प्रतियोग को लेकर नगर निगम भी आंख बंद किए हुए हैं।


अन्य पोस्ट