रायपुर

जेल गेट शूट आउट - हीरापुर नंदनवन के रास्ते भागने की फिराक में थे दो आरोपी
05-Nov-2024 4:08 PM
जेल गेट शूट आउट - हीरापुर नंदनवन के रास्ते भागने की फिराक में थे दो आरोपी

अच्छी खासी तिमारदारी के बाद कंधे के सहारे लाए गए दो शूटर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 5 नवंबर।
सोमवार दोपहर  जेल गेट शूट आउट के तीन में से दो शूटर 10 घंटे बाद रात  गिरफ्तार कर लिए गए । शहर भर में दबिश के दौरान कबीरनगर-हीरापुर, नंदन वन के रास्ते दुर्ग की ओर भागते समय पकड़ लिए गए।  पुलिस ने दोनों की अच्छी खासी तिमारदारी की,जिससे दोनों को सिपाहियों को पुलिस के कंधे के सहारे की जरूरत पड़ी। इनमें से एक को वायरल वीडियो में कराहते देखा,सुना जा सकता है ।

बीती देर रात क्राइम ब्रांच में पत्रकार वार्ता में दोनों को मीडिया के समाने पेश किया। एएसपी सिटी लखन पटेल, एएसपी क्राइम संदीप मित्तल ने बताया कि  आरोपियों की धर पकड़ के लिए 10 अलग- अलग विशेष टीमों का गठन किया था।। रायपुर की सभी सीमाओं पर चेक पोस्ट लगाने के साथ ही नाकेबंदी भी लगायी गयी।संतोषीनगर के बदमाश साहिल को गोली मारने के लिए पांच युवक दो मोटरसाइकिल में निकले थे। गिरफ्तार हमलावर शेख शाहनवाज उर्फ शानू महाराज (25) तथा शाहरूख (19) हैं।रायपुर से बाहर भागने के फिराक में थे कि उन्हें रायपुर एवं दुर्ग जिले के सीमा पर नंदनवन के समीप घेराबंदी कर हिरासत में लिया गया। 

इनके तीसरे साथी हीरा छुरा की तलाश में छापेमारी चल रही है। तीनों मौदहापारा तालाबपार के निवासी बताए गए हैं। बदमाशों से कट्टा बरामद कर लिया गया है, वारदात में इस्तेमाल बाइक जल्दी ही रिकवर हो जाएगी। आरोपियों के साथ दो और युवक एक बाइक पर कट्टा लेकर जेल गेट तक पहुंचे थे, ताकि ये तीनों चूके तो दूसरे  गोली चला दे। इन दोनों के नाम भी पुलिस को मिल गए हैं। इस फायरिंग  के बाद आधा दर्जन से ज्यादा युवक इन आरोपियों से 8-9 थे। सभी का क्रिमिनल रिकार्ड है और सभी बदमाश एक गैंग का हिस्सा हैं।

रायपुर में सोमवार को दोपहर 12 बजे सेंट्रल जेल के गेट के सामने खड़े संतोषीनगर के शेख साहिल को बाइक सवार हमलावर कट्टे से दो गोलियां मारकर भाग निकले थे। साहिल को गोलियां कंधे और पीठ पर लगी थीं। उसकी हालत खतरे से बाहर है। वह जेल में बंद अपने भाई से मिलने आया था। 

एएसपी लखन पटले ने बताया कि साहिल, जेल में बंद छोटे भाई तथा उससे जुड़े  युवकों के भी आपराधिक रिकार्ड हैं। साहिल, आरोपी शेख शाहनवाज और शाहरूख हरेक  पर अलग अलग थानों में 5-6 मामले दर्ज हैं। साहिल पर फायरिंग आपसी  पुरानी रंजिश और विवाद का नतीजा है। इन पर हत्या का प्रयास,संगठित अपराध करने के मामले दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही आरोपियों को भगाने,बचाने उकसावे में लाकर घटना करने में सहयोग करने वाले अन्य सभी के खिलाफ की तलाश जारी है और  सभी अपराध दर्ज किया जाएगा।

एक आरोपी महापौर का खास गुर्गा-श्रीवास 

 जेल गेट शूट आउट का एक आरोपी,महापौर एजाज ढेबर का खास गुर्गा निकला है। भाजपा नेता गौरीशंकर श्रीवास ने आज अपने एक्स पोस्ट में आरोपी हीरा छुरा और महापौर दोनों की एक साथ खड़े तस्वीर वायरल किया है। इससे पहले सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने पत्रकार वार्ता में कहा था कि यूं ही नहीं कहा जाता कि हर घटना के पीछे कांग्रेस और उसके नेता क्यों होते हैं? महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने भी इस फोटो के जरिए दीपक बैज और भूपेश बघेल से जवाब मांगा है कि हर अपराधी के पीछे कांग्रेस की संलिप्तता क्यों है। इस पर महापौर ढेबर ने कहा कि मैं अल्पसंख्यक समुदाय से हूं इसलिए मुझे टारगेट किया जा रहा है। इस पोस्ट के लिए गौरीशंकर को नोटिस भेजूंगा। यदि को साबित कर दे कि हीरा मेरा गुर्गा है तो राजनीति से संयास ले लूंगा। कोई जवाब या पलटवार नहीं आया है। छूरा की तस्वीर भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष के साथ भी है। 

अब मेन गेट पर सुरक्षा कर्मी तैनात 

दूसरी ओर जेल प्रशासन ने आज  सेंट्रल जेल रायपुर की सुरक्षा बढ़ा दी है।  सोमवार दोपहर जिल मुख्य गेट पर फायरिंग हुई थी। वहां सुरक्षा कर्मी बढ़ा दिए गए हैं। उनकी जांच और अनुमति के बिना प्रवेश नहीं दिया जा रहा। वहीं जेल भवन के द्वार मुलाकात कक्ष में भी प्रहरी बढ़ा दिए गए हैं। यह बताया गया है कि मेन गेट, और परिसर में लगे सभी सीसीटीवी कैमरे सुधारे जा रहे हैं। कल ये कैमरे खराब, बंद होने से ही फायर करने वालो का फरारी रूट पुलिस को नहीं मिल पायी था।  वहीं जेल प्रशासन भी अपने लापरवाह कर्मी अधिकारियों पर कार्रवाई करने की तैयारी में है।कल कुछ लोगों ने आन कैमरा यह बात कही थी कि वे एक घंटे से जेलर का इंतजार कर रहे थे, लेकिन वे नहीं मिले।


अन्य पोस्ट