रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 29 अक्टूबर। रायपुर दक्षिण उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी को लेकर वायरल किए गए फेक वीडियो और इस पर कांग्रेस संचार प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला द्वारा दिए गए बयान पर अपनी कड़ी नाराजगी जताई है। भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार शाम मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अजय चंद्राकर, धरम लाल कौशिक,उपचुनाव के प्रदेश संयोजक व प्रदेश उपाध्यक्ष शिवरतन शर्मा, के नेतृत्व में एफआईआर दर्ज कराया। भाजपा प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस को सौंपे अपने पत्र में कहा है कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के मीडिया प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला द्वारा कांग्रेस के अधिकृत मीडिया ग्रुप में एक वीडियो जारी किया गया है, ऐसा कर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के चरित्र पर भी गलत प्रभाव डालने की कोशिश की गई है। पत्र में कहा गया है कि सुशील आनंद शुक्ला के द्वारा किया गया यह कृत्य आई. टी. एक्ट के अंतर्गत अपराध की श्रेणी में आता है, जो कि गंभीर प्रकृति का अपराध है। अत: उनके विरुद्ध त्वरित कानूनी कार्रवाई की जाए। भाजपा नेता नरेश गुप्ता, बृजेश पांडे अनुराग अग्रवाल, मृत्युंजय दुबे ने शिकायत दर्ज करवाई। टीआई के मुताबिक भारत 336, 4 आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
सोनी गले मिले और माथा चूमा-शोएब
दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व मंत्रियों रविंद्र चौबे, धनेंद्र साहू, सत्यनारायण शर्मा ने आज वीडियो में सोनी के साथ नजर आ रहे मो.शोएब के साथ पत्रकार वार्ता की। मो शोएब ने चुंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि यह वीडियो 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान का है। जब जनसंपर्क के दौरान सोनी मुझसे गले मिले, मेरा माथा चूमा। और मैंने उन्हें बधाई दी।
यह वीडियो मैने नहीं बनाया-शुक्ला
अपने खिलाफ एफआईआर पर सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि यह वीडियो बीते 4-5 दिन से सोशल मीडिया में वायरल हो रहा था । मैने नहीं बनाया । न वायरल किया। इस पर कांग्रेस की ओर से प्रतिक्रिया लेने मीडिया के साथियों ने संपर्क किया था। अब भाजपा की जिम्मेदारी है कि इस वीडियो का खंडन करे। भाजपा सत्ता का दुरूपयोग कर मुझ पर एफआईआर करवा रही है। मैं डरने वाला नहीं,पुलिस विवेचना करे।