रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 28 अक्टूबर। राजधानी इस समय बारूद के ढेर पर है। बिना लाइसेंस या एक लाइसेंस पर गली मोहल्लों में पटाखे की अवैध दुकाने खुल गई हैं । ये दुकानदार बिना सुरक्षा इंतजामों के बारूद बेच रहे हैं। यहां तक कि किताब कॉपी की दुकान में पटाखे बिक रहे हैं।
एडीएम रायपुर देवेंद्र पटेल के मुताबिक जिला प्रशासन ने इस बार स्थाई लाइसेंस के नवीनीकरण और नए आवेदनों पर कुल 300 से अधिक पटाखा बेचने के अनुमति पत्र जारी किए गए हैं। निगम के अनुसार इनमें से 100 से अधिक लाइसेंसधारियों ने हिंद स्पोर्टिंग मैदान में बाजार लगाया है।
दूसरी ओर राजधानी शहर और आसपास इनसे अधिक पटाखा दुकानें खुल गई हैं। तेलीबांधा से टाटीबंध, बोरियाखुर्द से काली बाड़ी, पंडरी रोड से विधानसभा तक और बीत मोहल्लों में पटाखे बेचे जा रहे हैं । वार्डों में तब्दील शहर से लगे पुराने गांवों में तो आधे से एक दर्जन दुकानें चल रहीं है।
इनके लाइसेंस को लेकर कोई अधिकृत जानकारी नहीं है।कुछ दुकानें बिना लाइसेंस तो एक लाइसेंस पर दो या अधिक दुकानें खोलकर अवैध कारोबार कर रहे हैं। ये दुकाने मोहल्लों के चौक चौराहों से लेकर गलियों में खोली गई हैं । जहां सामान्य ले लेकर बड़े विस्फोट करने वाले बम बेचे जा रहे हैं। इन दुकानों में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं रखे गए हैं। जिससे किसी अनहोनी से निपटा जा सके।
बहरहाल कल ऐसे ही दो अवैध दुकानों पर कार्रवाई की गई है।सिविल लाइंस पुलिस ने लोधी पारा रोड पर एक स्टेशनरी दुकान (श्री स्टेशनरी) में पटाखे जब्त किए। दुकानदार राजीव नगर निवासी देवेश असाटी को विस्फोटक अधिनियम के तहत रविवार को गिरफ्तार किया। इस दुकान से 45 हजार के 24 कार्टून पटाखे और पैकिंग के पालिथिन भी जब्त किए गए। इसी तरह से विधानसभा पुलिस ने दोंदेखुर्द में बिना लाइसेंस अवैध रूप से पटाखे बेच रहे गोकुल छेतिजा को विस्फोटक एक्ट 9 के तहत गिरफ्तार किया । गोकुल किराना दुकानदार है और अधिक मात्रा में पटाखे रखा हुआ था। इसके पास से 5470 रूपए के विस्फोटक जब्त किए गए।