रायपुर

साव ने 20.13 करोड़ के विकास और निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन
26-Oct-2024 10:26 PM
साव ने 20.13 करोड़ के विकास और निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण-भूमिपूजन

रायपुर, 26 अक्टूबर। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने आज रायपुर जिले के खरोरा में 20 करोड़ 13 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें 30 लाख 53 हजार रुपए लागत के दो निर्माण कार्यों का लोकार्पण और 19 करोड़ 83 लाख रुपए के 11 कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं।

श्री साव ने इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभार्थियों को आवास पूर्णता प्रमाण पत्र सौंपे। उन्होंने महिला स्वसहायता समूहों और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के हितग्राहियों को कुल सात लाख रुपए के बैंक ऋण का चेक भी प्रदान किया। धरसीवा के विधायक अनुज शर्मा और खरोरा नगर पंचायत के अध्यक्ष अनिल सोनी भी लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

 श्री साव ने लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों और लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शहरों के विकास के लिए राज्य शासन के पास राशि की कमी नहीं है। सभी नगरीय निकायों में विकास कार्यों और जन सुविधाएं विकसित करने के लिए पर्याप्त राशि दी जा रही है। पिछले दस महीनों में राज्य के नगरीय निकायों को करीब 2800 करोड़ रुपए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गांव, गरीब और किसानों के साथ ही प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है।

लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता के.के. पीपरी, मुख्य अभियंता श्री ज्ञानेश्वर कश्यप और खरोरा नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर सहित विभागीय अधिकारी, पार्षद और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में मौजूद थे।


अन्य पोस्ट