रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर। बस्तर ओलंपिक में विकासखंड स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन एक नवंबर से 20 नवंबर , जिला स्तर पर 21 नवंबर से 25 नवंबर और संभाग स्तर पर प्रतियोगिताएं 26 नवंबर से 30 नवंबर के मध्य होंगी।
बस्तर ओलंपिक में एथेलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, वेटलिफ्टिंग, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वालीवाल और रस्साकसी जैसे खेलों को शामिल किया गया है। मुख्य सचिव अमिताभ जैन की अध्यक्षता में आज मंत्रालय में बस्तर ओलंपिक 2024 की राज्य आयोजन समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से हुई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खेलों में बस्तर संभाग के सभी जिलों के सभी गांव के अधिक से अधिक संख्या में युवा खिलाडिय़ों का पंजीयन कराने कहा।
मुख्य सचिव श्री जैन ने संभाग आयुक्त बस्तर को आयोजन की गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग करने कहा है। खेल मैदानों में आवश्यक खेल सामग्री, प्राथमिक उपचार, पेयजल, साफ सफाई इत्यादि व्यवस्थाओं के लिए व्यापक निर्देश दिए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि बस्तर ओलंपिक के शुभंकर एवं लोगो का भी चयन किया है। खेल प्रतियोगिताओं में वेटलिफ्टिंग एवं हॉकी खेल विधा में सीधा जिला स्तर से संभाग स्तर पर दल की भागीदारी होगी। अधिकारियों ने बताया कि खेल प्रतियोगिताओं के लिए खिलाडिय़ों के पंजीयन की प्रक्रिया जारी है। खेलों के सफल आयोजन हेतु विकासखंड, जिला एवं संभाग स्तरीय समितियों का गठन कर विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक, प्रमुख सचिव अजजा सोनमणि बोरा, सचिवों में हिमशिखर गुप्ता, डॉ. कमलप्रीत सिंह, सिद्धार्थ कोमल परदेशी, रजत कुमार, एस.प्रकाश, शम्मी आबिदी, संभागायुक्त बस्तर सहित कलेक्टर बस्तर, कोण्डागांव, कांकेर, सुकमा, नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और पुलिस , खेल एवं युवा कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।