रायपुर

दीक्षांत समारोह, एम्स नए मरीज एडमिट न कर मेकाहारा रिफर कर रहा..!
24-Oct-2024 3:31 PM
दीक्षांत समारोह, एम्स नए मरीज एडमिट  न कर मेकाहारा रिफर कर रहा..!

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 24 अक्टूबर।
 प्रदेश के सबसे बड़े केंद्रीय स्वास्थ्य संस्थान एम्स में अगले दो तीन दिन आईपीडी यानी नए मरीजों की भर्ती अघोषित रूप से बंद कर दी गई है। हालांकि एम्स प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ डाक्टर इंकार कर रहे है। 

बता दें कि एम्स का कल चौथा दीक्षांत समारोह आयोजित होना है। इसकी मुख्य अतिथि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हैं। इस बीच नए मरीजों को एडमिट करने के बजाए मेकाहारा रिफर कर दिया जा रहा है। हमे दी गई जानकारी के अनुसार बुधवार को करीब आधा दर्जन से अधिक मरीजों को मेकाहारा भेज दिया गया । इनमें कुछेक मरीज पैरालिसिलि और माइनर हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति वाले भी रहे। इन मरीजों के परिजनों के लाख मिन्नतों के बाद भी एडमिट नहीं किया गया। परिजनों ने एम्स परिसर में स्टाफ से सुनी बातों के हवाले से कहा कि दो दिन प्रबंधन ने दीक्षांत में व्यस्तता के चलते नए एडमिशन के बजाए आईपीडी, ओपीडी ही संचालित करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में डायरेक्टर तो हमारे संपर्क से बाहर ही रहे वहीं प्रबंधन से जुड़े वरिष्ठ डाक्टर ने इंकार करते हुए कहा कि ऐसा कोई निर्णय या आंतरिक आदेश नहीं है । हां बैड खाली न होने की स्थिति में भेजा गया हो। पहले भी  ऐसा होता रहा है।

अभी सर्जरी हो रही है,इलाज हो रहा है ।
यहां बता दें कि पूर्व में भी कई बार एडमिशन को लेकर परिजनों और एम्स प्रबंधन के बीच विवाद होते रहे हैं। कुछ मामले मारपीट तक भी पहुंचते रहे हैं। ऐसे मामलों की रिपोर्ट पुलिस नें भी होती रही है।बता दें कि एम्स की जमीन, पानी बिजली और अन्य सभी सुविधाएं राज्य से ले रहा है और इलाज के लिए यहां मरीजों के साथ ऐसी बेरूखी दिखाई जा रही है। 


अन्य पोस्ट