रायपुर

अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य से मसीही समाज की चर्चा
23-Oct-2024 6:43 PM
अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य से मसीही समाज की चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 23 अक्टूबर। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य धन्य कुमार जिनप्पा गुंडे छत्तीसगढ़ प्रवास पर थे। उन्होंने सिख, मुस्लिम जैन, मसीही समाज के धर्मस्थलों का भ्रमण कर  प्रतिनिधियों व धर्मगुरुओं से भी चर्चा की। उन्होंने छत्तीसगढ़ के आर्च बिशप विक्टर हेनरी ठाकुर से बिशप्स हाउस में मुलाकात का। उन्हें समस्याओं जरूरतों और प्रकरणों से अवगत कराया गया। 

गुण्डे से मांग की कि वे दिल्ली तक राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग की ओर से केंद्र सरकार के समक्ष इसे समस्याओं को प्रस्तुत कर निदान निकालने का प्रयास करें। इस मौके पर विकार जनरल फादर सेबेस्टियन पी., जॉन राजेश पॉल एवं प्रकाश मोदी भी मौजूद थे। आयोग सदस्य को बताया गया कि प्रदेश के लगभग सभी मसीही कब्रस्तान भर चुके हैं। अधिकांश ब्रिटिशकालीन हैं। इस वजह से दफन संस्कार में काफी दिक्कतें आती हैं। पिछले दो दशकों से इस समस्या का समाधान नहीं किया है। इस संबंध में समाज ने शासन के साथ काफी लिखापढ़ी भी की है। इसलिए शासन से कब्रस्थान के लिए जमीन उपलब्ध कराने निर्देश दें। इसके साथ ही यदि वर्तमान कुछ कब्रस्थानों के पुनर्उपयोग की गुंजाइश बनती है, तो इस योजना को पूरा करने में आने वाला व्यय शासन की ओर से वहन हो। सरकारी योजनाओं के तहत कब्रस्थानों में सुविधाएं मुहैया करवाएं।

इसी तरह प्रदेश के लगभग सभी गिरजाघरों की हालत काफी खराब है। ये 75 से लेकर डेढ़ सौ साल पुराने हैं। इनके जीर्णोद्वार की जरूरत है। मसीही समाज आर्थिक हालत कमजोर है। इस वजह से जीर्णोद्वार में आने वाला व्यय राज्य व केंद्र सरकार से दिलवाने में मदद करें।

आयोग सदस्य को बताया गया कि कुछ सालों से धर्मांतरण के बेबुनियाद आरोप लगाकर कई मसीही धर्म गुरुओं और सेवकों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। गिरजाघरों पर हमले किए जा रहे हैं। धर्म सभाओं में हुड़दंग किया जाता है। ऐसे मामलों पर रोक लगाने शासन को निर्देशित करें।

 प्रदेश के पादरियों को भी हर महीने कम से कम 10-10 हजार रुपए की सरकार की ओर से अनुदान-मानदेय (वजीफा) प्रदान किया जाए। अल्पसंख्यक परिवारों के निर्धन युवक-युवतियों का विवाह बड़ी समस्या बनकर सामने आया है। इस संबंध में योजना बनाकर उनका विवाह संपन्न कराने समाधान किया जाए। सरकारी नौकरियों में मसीहीजनों का प्रतिनिधित्व लगभग खत्म हो रहा है। इस पर विशेष ध्यान देकर नौकरियों में कोटा तय किया जाए।


अन्य पोस्ट