रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 21 अक्टूबर। फेडरेशन ने डीए छोड़ अपनी अन्य लंबित मांगों को लेकर अपना बे मुद्दत हड़ताल को अगले वर्ष तक के लिए टालने की जानकारी मिली है। फेडरेशन के प्रांतीय नेताओं की रविवार दोपहर हुई बैठक में इस पर सहमति बनने की ?खबर है । बैठक मे कहा गया है कि अभी दक्षिण उपचुनाव,और उसके बाद निकायों-पंचायत चुनाव होने हैं। उसे देखते हुए फरवरी मार्च के दौरान सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। बैठक में फेडरेशन के सभी संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी व प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहे। बैठक में कोरबा के शिक्षक नित्यानंद यादव पर संचालक डीपीआई की कार्यवाही को अनुचित बताते हुए बहाल करने फेडरेशन मंगलवार को मांग पत्र सौंपेगा। जिला शिक्षा अधिकारी कोरबा और श्रीमती दिव्या मिश्रा को इस फेडरेशन की नाराजगी से अवगत कराया है।
इस बैठक में कुछ संगठनों के प्रांत अध्यक्ष ही उपस्थित रहे। अनुपस्थितों को लेकर संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि बैठक की सूचना 20 दिन पूर्व दी गई थी। इसके बाद भी बैठक में न तो स्वयं उपस्थित हुए और न ही प्रतिनिधि भेजे। इस तरह की परिस्थिति कदापि फेडरेशन हित में नहीं है।फेडरेशन भविष्य में जो भी कार्यक्रम तय करेगा उसमें आप सभी की सहमति आवश्यक होगी। आगामी आंदोलन के संबंध में आप अपने संगठन का स्पष्ट निर्णय से अवगत कराएं। ताकि फेडरेशन आगामी आंदोलन की रूप रेखा तैयार कर सके।
एक अन्य पदाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर बेहद आक्रमक दिखने वाले विभिन्न संगठनों के साथी इतनी अहम बैठक से क्यों गायब हो जाते हैं। ढेरों ऐसी अहम मांगे हैं जिन्हें शासन प्रशासन के समक्ष रखना है उन्हें पूरी भी करवाना है क्या बिना रणनीति के यह संभव है। जो कुछ प्राप्त हुआ उसके बाद संघर्ष की दिशा क्या होगी क्या ये सब मोबाइल फोन पर तय होगा।बेहद गंभीर एवं चिंतन का विषय है।
30 से पहले पे-बिल जमा करने बनाएं दबाव
संयोजक कमल वर्मा ने फेडरेशन के सभी कर्मचारी सदस्यों से कहा है कि वे अपने- अपने कार्यालय प्रमुख को दिवाली 1 नवंबर को होने के कारण 30 अक्टूबर से पहले तक कोषालय में पे-बिल जमा कराकर पारित करने कहे। साथ ही उन्हे इस माह 4 प्रतिशत डीए एवं 1 प्रतिशत गृह भाड़ा भत्ता बढ़ाकर देयक तैयार करने कहा जाए।