रायपुर
अब फिर निष्क्रिय सोनी प्रत्याशी - साहू
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 20 अक्टूबर। कांग्रेस की अधिकृत घोषणा से पहले सभापति प्रमोद दुबे के नामांकन पर्चा खरीदने से रायपुर दक्षिण के दंगल में नयी सियासत शुरू हो गई है। भाजपा ने इस मुद्दे पर कांग्रेस और दुुुबे को घेरा है।
डिप्टी सीएम अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस क्या कर रही यह उसका विषय है। लेकिन इससे दिख रहा है कि कांग्रेस में आपस में कितने झगड़े हैं। साव ने कहा कि
भाजपा रायपुर दक्षिण उपचुनाव की तैयारियां जोर शोर से कर रही है। क्षेत्र में सरकार के काम को लेकर लोगों में उत्साह है। यहां से भाजपा को लगातार आशीर्वाद मिलता रहा है। हमारे वरिष्ठ नेता बृजमोहन अग्रवाल लगातार 8 बार क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया है। इस बार भी रायपुर दक्षिण की जनता का आशीर्वाद पार्टी को मिलेगा। यहां फिर से कमल खिलेगा।
श्री साव ने कहा कि, छत्तीसगढ़ में लोकसभा और विधानसभा चुनाव में जनता ने कांग्रेस को बुरी तरह पराजित किया है। दक्षिण में कांग्रेस को माकूल जवाब मिलेगा।
वहीं प्रमोद दुबे ने नामांकन खरीदने को लेकर कहा कि वे टिकट के दावेदारों में प्रथम पायदान पर हैं। और 40पेज का नामांकन फार्म होता है उसमें कई तरह की इंट्रियां करना पड़ता है । इसे देखते हुए फार्म खरीदने में कोई दिक्कत नहीं है ,कई लोग खरीदते हैं। मैने भी लिया।
धनेंद्र ने सोनी को निष्क्रिय कहा- पूर्व पीसीसी अध्यक्ष धनेंद्र साहू ने भाजपा से सुनील सोनी को टिकट दिए जाने पर कटाक्ष किया है। पूर्व विधायक साहू ने कहा कि सोनी की निष्क्रियता के कारण लोकसभा की टिकट काटी गई थी। अब फिर निष्क्रिय सोनी को प्रत्याशी घोषित किया गया है । कांग्रेस जल्द ही अपना प्रत्याशी घोषित करेगी और हम दक्षिण जायेंगे।
इस पर पलटवार करते हुए सुनील सोनी ने कहा मेरे महापौर, सांसद के कार्यकाल को देख सकते हैं। मैंने कई ओवरब्रिज, अंडरब्रिज, आयकर ट्रिब्यूनल और स्मार्ट सिटी के तहत हजारों करोड़ की योजनाएं मंजूर कराईं। ये लोग(कांग्रेस सरकार) पैसा खा गए। आने वाले दिनों में शहर की ऐसी कोई सडक़ नहीं बचेगी, जिसका विकास नहीं होगा।
सुनील को बधाई, हम भारी मतों से जीतेंगे - साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व सांसद सुनील सोनी को रायपुर दक्षिण विधानसभा के लिए भाजपा प्रत्याशी घोषित किए जाने पर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने इस सीट से भाजपा प्रत्याशी के भारी मतों से चुनाव जीतने का विश्वास जताया है। आज साय ने कहा कि - सोनी को भाजपा प्रत्याशी बनाए जाने पर मेरी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। रायपुर दक्षिण की जनता प्रत्येक विधानसभा चुनाव में भाजपा को अपना भरपूर आशीर्वाद देते आई है और निश्चित ही इस बार यहां की देवतुल्य जनता के विधा आशीर्वाद से जीत पुन: भाजपा की ही होगी।