रायपुर

अंतागढ़ भानुप्रतापपुर से रैक लोडिंग बढ़ाने का बड़ा प्लान
20-Oct-2024 6:55 PM
 अंतागढ़ भानुप्रतापपुर से रैक लोडिंग बढ़ाने का बड़ा प्लान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 20 अक्टूबर। रेलवे दल्लीराजहरा ताड़ोकी रेल लाइन से माल वाहन बढ़ाने की योजना पर तेजी से काम कर रहा है। वह भानुप्रताप स्टेशन साइडिंग की क्षमता के साथ अंतागढ़ में रैक लोडिंग बढ़ाने जा रहा है ।

इस समय अंतागढ़ में एक दिन में 54 माल डिब्बों की एक ही रैक निकल पा  रही है। जिसे बढ़ाकर दो करने जा रहा है। वहीं भानुप्रतापपुर यार्ड के प्लेटफार्म की लंबाई बढ़ाई जाएगी। जहां से वर्तमान में मिनी रैक लोड हो पाता है। यह इसलिए किया जा रहा है कि गुदूम में दो वर्ष पहले स्टेशन मैनेजर पर हुए हमले के बाद से  रैक लोडिंग बंद है। यहां का लोडिंग प्वाइंट अंतागढ़ भानुप्रतापुर या ताड़ोकी तक विस्तारित करने की योजना है। इसी प्लानिंग के तहत डीआरएम संजीव कुमार ने शनिवार को पूरे सेक्शन का निरीक्षण किया था। उन्होंने भानुप्रतापपुर रेलवे स्टेशन से पहली बार मालगाड़ी का रैक रवाना किया । इस पहले रैक से एफसीआई ने  26296 टन चावल भेजा। यह चावल 42 बी सी एन वैगन के माध्यम से भानुप्रतापपुर से हुबली फूड कॉरपोरेशन के लिए रवाना किया गया। इससे कांकेर बस्तर क्षेत्र वासियों को फायदा मिलेगा गुड्स प्लेटफार्म से आगामी समय में और भी लोडिंग की जा सकेगी।

भानुप्रतापपुर से यह सुविधा प्रारंभ होने से व्यावसायिक उपयोगिता बढ़ेगी एवं रेल के माध्यम से व्यापारी अपना सामान भेज सकेंगे।

जिंदल, मोनेट के लिए मददगार होगा

बताया जा रहा है कि भानुप्रतापुर रैक प्वाइंट की क्षमता बढ़ाने का सीधा फायदा मोनेट इस्पात रायपुर और जेएसपीएल रायगढ़ होगा । इससे कच्चे लोहे और कोल परिवहन की लागत लगभग आधी रह जाएगी। अभी इनके कच्चा माल बचेली से किरंदूल विशाखापट्टनम महासमुंद रायपुर रेल ट्रैक से होकर मंदिर हसौद ,और  रायगढ़ पहुंच रहा है। दूरी और लोडिंग में लगनं वाले समय के चलते एक माह में 10-15 रैक ही आ पाता है। और शेष माल बचेली से भानुप्रतापुर तक  ट्रक और वहां से ट्रेन से रायगढ़ पहुंचता है। जो दोगुनी लागत गे रहा है। भानुप्रतापपुर में लोडिंग बढऩे से जिंदल-मोनेट, व्हाया विशाखापट्टनम बंद हो जाएगा। ज्ञात हो,जेएसपीएल के एमडी नवीन जिंदल भाजपा के भी सांसद हैं।


अन्य पोस्ट