रायपुर

युवक को नग्न कर पीट रंगदारी वसूलने वाले दो बदमाश गिरफ्तार
02-Feb-2024 4:26 PM
युवक को नग्न कर पीट रंगदारी वसूलने वाले दो बदमाश गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 फरवरी।
गंज पुलिस ने युवक को कमरे में बंधक बनाकर रंगदारी वसूलने उसकी पिटाई करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इसका एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने गुरुवार रात इन युवकों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक युवक गाली-गलौज के साथ मारपीट कर रहा था, तो दूसरा वीडियो बना रहा था। 

बताया जा रहा है कि विजय साहू, दिनेश सोनी, सोनू नायक ये तीनों शराब के आदि हैं, और गुरुवार की शाम पैसा शेयर कर शराब पीया था। जिसमें विजय ने कम पैसे दिए थे, और बाद में देने की बात कही थी। उसी को लेकर दिनेश ने विजय को अपने घर में बंद किया, और कपड़े उतार पिटाई की। सोनू ने इसका वीडियो बनाया था। पिटाई के दौरान विजय को चेतावनी दी गई थी कि वह किसी को भी बताया, या लोकेशन दिया, तो जान ले लेंगे। दिनेश विजय से 50 हजार रूपए की मांग कर रहा था। यह वीडियो वायरल होने के बाद गंज पुलिस ने पहले दिनेश को पकड़ा, और फिर उसकी सूचना पर सोनू को। पुलिस ने आज दोनों को जुलूस के साथ गंज से कोर्ट लेकर आई। जहां से दोनों को जेल भेज दिया। पुलिस के मुताबिक इन पर रंगदारी और वसूली का मामला दर्ज किया गया है। दिनेश पर इसके पहले भी 8 अपराधिक मामले दर्ज हैं।
 


अन्य पोस्ट