रायपुर

बिना डीए के दिसंबर का वेतन जारी
29-Dec-2023 8:58 PM
बिना डीए के दिसंबर का वेतन जारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 29 दिसंबर। राज्य प्रशासन के अधिकारी कर्मचारियों को दिसंबर का वेतन जारी होने लगा है लेकिन इस महीने भी महंगाई भत्ते का भुगतान नहीं किया गया। 4 फीसदी का यह डीए एक जुलाई से लंबित है।

मिली जानकारी के अनुसार आज अंतिम कार्य दिवस और अगले दो दिन अवकाश को देखते हुए मंत्रालयीन कैडर को दिसंबर का वेतन कल शाम क्रेडिट कर दिया गया है। नई सरकार बनने के बाद से  पांच लाख राज्य कर्मचारियों को पांच माह से बकाया डीए भुगतान का इंतजार कर रहे थे। वे नए सीएम विष्णु साय, और मंत्रियों से मिलकर लगातार इसकी मांग कर रहे हैं। इनके साथ ही वयोवृद्ध पेंशनर्स भी अपने महंगाई राहत के भुगतान को लेकर हर जिले में मांग उठा रहे हैं।

यहां तक कि वे, पिछला सरकार की हार और भाजपा की जीत में अपने समर्थन की दुहाई भी दे रहे हैं। बता दें कि ऐसा नहीं है कि डीए,डीआर के लिए बजटीय प्रावधान करना है,इसके लिए सालाना बजट में राशि की मंजूरी दी जा चुकी है। केवल भुगतान करना है । पूर्ववर्ती सरकार ने जनवरी-23 की किश्त मई जून में  दी थी। और जुलाई की किश्त लंबित कर दी गई।  यह राशि अक्टूबर में चुनाव आचार संहिता में जा फंसी। इसके लिए मुख्य सचिव ने चुनाव आयोग से अनुमति भी ले ली लेकिन उसका भुगतान अब तक नहीं किया जा सका है। उधर केंद्रीय कर्मियों के लिए जनवरी की अगली किश्त की बारी आ गई है।

 कर्मचारियों ने बताया कि ट्रेजरी ने इस महीने का भी पे-बिल बिना डीए के तैयार कर भुगतान भी शुरू कर दिया है । इनमें से मंत्रालयीन कैडर के 11-1200 अधिकारी कर्मचारियों को वेतन का भुगतान कर दिया गया है। वहीं संचालनालय और जिला,तहसील स्टाफ को सोमवार को होगा।


अन्य पोस्ट