रायपुर

चतुर्वेदी सात दिन की रिमांड पर, रूद्राक्ष की माला जप सकते हैं पहन नहीं, कोर्ट ने दी अनुमति
02-Jul-2023 7:31 PM
चतुर्वेदी सात दिन की रिमांड पर, रूद्राक्ष की माला जप सकते हैं पहन नहीं, कोर्ट ने दी अनुमति

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 2 जुलाई। पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व जीएम अशोक चतुर्वेदी को आन्ध्रप्रदेश के गुंटुर से गिरफ्तार कर रायपुर लाने के बाद एसीबी ईओडब्लू की टीम ने शनिवार को कोर्ट में पेश किया।

विशेष न्यायाधीश संतोष कुमार तिवारी की कोर्ट में पेशकर एसीबी ईओडब्लू ने पूछताछ और कुछ दस्तावेज समेत कई इलेक्ट्रोनिक गेजेट्स को जब्त करने के लिए 7 दिन की रिमांड मांगी जिसे कोर्ट ने स्वीकार किया।

कोर्ट में बहस के दौरान पाठ्य पुस्तक निगम के पूर्व जीएम अशोक चतुर्वेदी ने एक अनोखी मांग करते हुए रिमांड के दौरान रुद्राक्ष की माला और रामायण साथ में रखने की मांग की जिसका एसीबी ईओडब्लू के विशेष लोक अभियोजक मिथिलेश वर्मा ने विरोध करते हुए माला को पहनने से मना करने की अपील की।

दरअसल सरकारी वकील ने तर्क देते हुए कोर्ट से अपील की कि रिमांड के दौरान माला से कस्टडी के दौरान फांसी लगाकर खुदकुशी जैसी कुछ भी अनहोनी हो सकती है जिसके चलते कोर्ट ने अपनी ऑर्डर शीट में आरोपी की माँग मानते हुए रूदाक्ष की माला को पहनने के बजाए माला जपने के आदेश दिए।

आपको बता दें कि आरोपी अशोक चतुर्वेदी के खिलाफ भष्ट्राचार के तीन मामलों में एसीबी ईओडब्लू ने गिरफ्तार कर अपराध क्रमांक 19/2020 जिसमें पद पर रहने के दौरान फर्जी दस्तावेजो के जरिये ठेकेदारों को फायदा पहुंचाते हुए कमेटी को गुमराह करते हुए टेंडर पास करवाने के मामले में 7 दिन की रिमांड पर लिया है।

प्रवचन करने लगे थे चतुर्वेदी

चतुर्वेदी ने रूद्राक्ष की माला और गीता साथ रखने की मांग इसलिए की कि वह बीते एक-डेढ़ वर्ष से आयोध्या के संत रामभद्राचार्य के शिष्य बने हुए हैं। उनके ही मार्गदर्शन में अशोक प्रवचन भी करने लगे हैं। सूत्रों का कहना है कि वे गुंटुर में प्रवचन के लिए ही गए थे। जहां से एसीबी ने गिरफ्तार किया। चतुर्वेदी पर आरोप है कि उन्होंने पाठ्य पुस्तक निगम की राशि का अनाधिकृत इस्तेमाल किया। इस रकम से अपने पुत्र को पढ़ाने की फीस भी जमा की, और  व्यवसाय में निवेश भी किया। बताया जा रहा है कि एसीबी ने चर्तुवेदी को करीब सप्ताहभर पहले अपने कब्जे में लिया था तब से उससे रायपुर में पूछताछ चल रही थी। एसीबी ने दो दिन पहले चतुर्वेदी के करीबी निलेश चौबे को भी पूछताछ के लिए बुलाया था। और उसके बाद अशोक चतुुर्वेदी की गिरफ्तारी दर्ज की गई।


अन्य पोस्ट