रायपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 12 मई। नगर पंचायत केशकाल के वरिष्ठ पार्षद सगीर खान, पार्षद पंकज नाग सिन्हा, पार्षद श्रीमती शबनम बानो व पार्षद श्रीमती देवश्री वेदव्यास ने अपने निलंबन का विरोध किया है। शुक्रवार को रायपुर में आयोजित पत्रकारवार्ता में उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का अपना एक संविधान है, जिसमें अनुशासनात्मक नियम 1 के अनुसार अधिकारी जो धारा 16(च) (4) के अंतर्गत अनुशासनात्मक कार्यवाही करेगा उसे सर्वप्रथम अनुशासनात्मक नियम 5 के अनुसार आरोप की लिखित शिकायत को पहले प्रदेश अनुशासन समिति के समक्ष विचार-विमर्श हेतु रखा जाएगा, तदुपरांत अनुशासन समिति द्वारा स्पष्टीकरण के लिए कम से कम दो सप्ताह का नोटिस दिया जाएगा, ऐसा किए बिना अनुशासनात्मक कार्यवाही नहीं की जा सकती। किन्तु प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के आदेशानुसार प्रभारी महामंत्री (प्रशासन) रवि घोष ने कांग्रेस पार्टी के संविधान की अनदेखी करते हुए ऐसी दुर्भावनापूर्ण कार्यवाही की, जबकि कांग्रेस पार्टी के संविधान में निहित अनुशासनात्मक नियम-4 के अनुसार यदि कोई जानबूझकर कांग्रेस पार्टी के संविधान में निहित नियमों की अव्हेलना करेगा तो उसे भी अनुशासन का उल्लंघन माना जाएगा।
इस आधार पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम व प्रभारी महामंत्री (प्रशासन) रवि घोष पर भी पार्टी आलाकमान अनुशासनात्मक कार्यवाही करें तो कोई आश्चर्य की बात नहीं । इनके इस असंवैधानिक कृत्य को लेकर हम पार्टी आलाकमान मल्लिकार्जुन खरगे से भी शिकायत करेंगे।


