रायपुर

दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पुलिस आरोपियों को जीप में बिठाकर घूमती रही
16-May-2022 5:52 PM
दो युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पुलिस आरोपियों को जीप में बिठाकर घूमती रही

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायपुर, 16 मई। इलाके में दो युवकों पर आधा दर्जन से ज्यादा लोगों ने जानलेवा हमला किया। सरेराह दौड़ा-दौड़ाकर बेदम पिटाई कर दी। दहशत फैलाने जमा होने वाले युवकों की  जब शिकायत हुई तब पुलिस ने मामूली जमानती धारा में कार्रवाई समेट लिया। आरोप है हमला करने वाले चाकू डंडे से लैस होकर पहुंचे थे। शरीर में चाकू से भी हमला कर चोट पहुंचाया।

इस मामले में सौम्य दुबे ने थाना आकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने बताया तकरीबन साढ़े सात बजे सूचना मिलते ही आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने इस मामले में सभी जमानतीय धाराओं में मारपीट व गाली गलौज करने का केस दर्ज किया। सौम्य का कहना है वह अपने दोस्त अनिल नाग के साथ मौके पर था। आरोपी सुफियान और उसके 10 से अधिक साथियों ने भनपुरी चौक में मारपीट की। प्रार्थी का कहना है सुफियान खान किसी लडक़े को गाली गलौज कर रहे थे। इस मामले में हस्तक्षेप कर जब विवाद के बारे में पूछा तभी सुफियान और उसके लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। लाठी डंडे के साथ नुकीले चीज से सिर पर वार कर जख्मी कर दिया। सौम्य का कहना है उसके दोस्त अनिल को भी घसीट-घसीट कर पीटा। पूरे बाजार में दहशत फैलाते रहे।  बताया गया कि पुलिस तत्काल कार्रवाई न करते हुए आरोपियों को जीप में बिठाकर घूमती रही। इसके पीछे पुलिस पर राजनीतिक दबाव बताया गया है।  ये युवक हाल ही में युपी के मौदहा से आकर बसे हैं। समाज विशेष के होने के कारण पुलिस के हाथ कांप रहे हैं। पुलिस केवल यही कह रही है कि जल्द गिरफ्तार करेंगे। जबकि उनके खिलाफ जमानती धारा लगाई गई है।


अन्य पोस्ट