रायगढ़
वन विभाग की टीम ने मैनपाट से किया बरामद आरोपी पकड़ से दूर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 3 अप्रैल। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ के बोरो रेंज के कंचीरा में 29 मार्च को हाथी का शव मिला था, लेकिन मृत हाथी के दांत गायब थे। धरमजयगढ़ वनमंडल की टीम ने शुक्रवार को हाथी के दांत मैनपाट के जंगल से बरामद किए। कुछ संदिग्ध भी पकड़े गए हैं।
पकड़े गए लोगों से वन विभाग के अफसर पूछताछ कर रहे हैं। शुरुआत से ही हाथी की मौत के बाद तस्करों द्वारा दांत निकालने की आशंका जाहिर की जा रही थी।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार डॉक्टरों ने हाथी के शव का परीक्षण किया था। मृत हाथी की मौत आपस में लड़ाई के चलते लगभग 85 फीट नीचे गिरने से मानी जा रही है। मौत के बाद ही अज्ञात तस्करों ने हाथी के दांत को काट लिया था। आरोपियों ने पहले बांया दांत निकाला।
दाहिना दांत नहीं निकलने पर 10 इंच छोड़ कर बाकी हिस्सा काटा और ले गए थे। वन विभाग ने अब जांच के बाद इसके दांत को सरगुजा जिले के मैनपाट से बरामद किया है और कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
तस्करों के तार ढूंढने का प्रयास
पूरे मामले में वनमंडल बार-बार तस्करों के हाथी दांत बेचने के लिए ढूंढे गए लिंक को तलाशने की कोशिश कर रही है। ताकि मामले में यदि किसी बड़े गिरोह का हाथ हो तो वे उन तक पहुंच सके। इस क्षेत्र में पहले भी कई बार हाथियों के करंट और जहर से मरने की खबर आई थी। इसलिए वनमंडल की टीम पुराने मामलों के बारे में भी संदिग्धों से पूछताछ करने में लगी है।


