रायगढ़

जैविक खाद व रागी फसल को दिया जा रहा बढ़ावा
14-Mar-2021 7:48 PM
  जैविक खाद व रागी फसल को दिया जा रहा बढ़ावा

   कृषि विस्तार अफसरों ने किया निरीक्षण   

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़. 14 मार्च। कलेक्टर भीम सिंह के निर्देश पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा वर्मी कम्पोस्ट खाद की गुणवत्ता समझाते हुए सभी बड़े कृषकों, सब्जी उत्पादक कृषकों के अलावा स्कूलों तथा आश्रमों में बागवानी हेतु जैविक खाद उपयोग की सलाह दी जा रही है। वहीं विकासखंड के 20 गौठानों में कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा तकनीकी मार्गदर्शन देते हुए वृहद मात्रा में उच्च गुणवत्ता वाले वर्मी कम्पोस्ट खाद का उत्पादन किया जा रहा है।

वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी जन्मेजय पटेल द्वारा कृषकों को बताया जा रहा है कि किस प्रकार से एजोटोबैक्टर तथा पीएसबी आदि से उपचार कर वर्मी कम्पोस्ट खाद की गुणवत्ता को और भी बढ़ाया जा सकता है तथा मार्केट में उपलब्ध महंगे पौध नियामक के बदले वर्मी कम्पोस्ट अपनाकर अपनी खेती लागत को कम भी किया जा सकता है। साथ ही किसको के मध्य चौपाल कार्यक्रम कर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों द्वारा जैविक खाद से खेती करने के लाभ बताते हुए रसायन मुक्त खेती को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

नोडल अधिकारी ने किया निरीक्षण

कृषि अधिकारियों द्वारा हाइलैंड अर्थात टिकरा भूमि में रागी फसलों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। ऐसे में शुक्रवार को रागी फसल के नोडल अधिकारी तथा सहायक भूमि संरक्षण अधिकारी धरमजयगढ़ सुरेंद्र कुमार पटेल, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी चंद्रकांत दुबे के साथ खरसिया ब्लॉक के बरभौना में निरीक्षण करने पहुंचे। वहीं बरभौना गौठान से कृषक गेंदलाल पटेल को समहू द्वारा उत्पादित 1 क्विंटल वर्मी कम्पोस्ट खाद का क्रय करवाया गया।'


अन्य पोस्ट