रायगढ़
सीसीटीवी और सुरक्षा इंतजामों की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 29 नवंबर। जामपाली से घरघोड़ा मार्ग पर कोयला परिवहन में लगे भारी वाहनों की आवाजाही, धूल और दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों ने प्रशासन को लिखित आवेदन सौंपा है। महिला प्रगतिशील सतनामी समाज की ब्लॉक अध्यक्ष एवं पूर्व जनपद सदस्य लता खुटे ने संबंधित विभागों और प्रशासन से इस विषय पर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन के अनुसार, कोयला खदानों से निकलने वाले वाहन कुदुमकेला, सराईपाली, बरघाट, फगुरम, बरौद, टेरम और कंचनपुर सहित आसपास के गांवों से होकर घरघोड़ा तक जाते हैं। आवेदन में कहा गया है कि पिछले एक-दो वर्षों से भारी वाहनों के संचालन को लेकर अव्यवस्था बढ़ी है और अधिक ट्रिप लगाने की होड़ के आरोप के बीच तेज रफ्तार से वाहन चलने से राहगीरों, दोपहिया चालकों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है। यह भी उल्लेख किया गया है कि पिछले दो-तीन महीनों में बरौद से कंचनपुर के बीच हुई दुर्घटनाओं में कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
लता खुटे ने प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित मांगें रखी हैं- जामपाली से घरघोड़ा मार्ग पर प्रत्येक एक किलोमीटर की दूरी पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा के सूचना बोर्ड लगाना। सीसीटीवी कैमरे, स्पीड ब्रेकर, सुरक्षा संकेतक और हाईमास्ट लाइट की व्यवस्था करना। सडक़ पर नियमित पानी का छिडक़ाव और स्थानीय स्तर पर राहत एवं आपातकालीन सहायता व्यवस्था विकसित करना। औरामुडा में पुलिस सुरक्षा केंद्र का पुन: संचालन करना। दुर्घटनाओं में मृतकों के परिजनों को दी जाने वाली मुआवजा राशि को 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये करना।
आवेदन में कहा गया है कि समाधान न होने की स्थिति में वैधानिक कदम उठाए जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित ट्रांसपोर्टर प्रबंधन, एनटीपीसी तिलाईपाली, एसईसीएल बरौद, बिजारी, जामपाली, शाखा प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की बताई गई है।