रायगढ़

मामूली विवाद, पिता-पुत्र पर
16-Nov-2026 8:22 PM
मामूली विवाद, पिता-पुत्र पर

जानलेवा हमला, 3 आरोपी बंदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 16 नवंबर।
थाना जूटमिल क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर युवक एवं उसके पिता के साथ मारपीट कर हत्या का प्रयास करने के मामले में जूटमिल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश लगातार जारी है।
मिली जानकारी अनुसार 31 अक्टूबर को प्रार्थी मनोज पानीकर पिता नंदकिशोर पानीकर, (49), ने थाना जूटमिल में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि 30 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपनी फल दुकान से घर पहुंचा था। इसी दौरान घर के सामने धनी भट्ट, किट्टु सिदार अपने अन्य साथियों के साथ स्कूटी का तेल खत्म होने की बात को लेकर आपस में गाली-गलौज कर रहे थे। प्रार्थी द्वारा उन्हें गाली-गलौज करने से मना करने पर आरोपियों ने एक राय होकर प्रार्थी एवं उसके पुत्र प्रिंस के साथ हाथ-मुक्का, डंडा एवं तलवार से मारपीट कर चोट पहुंचाई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना जूटमिल में धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी एवं गवाहों के कथनों तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण में हत्या के प्रयास की धारा 109(1) बीएनएस एवं धारा 118(1) बीएनएस जोड़ी गई। विवेचना एवं आरोपियों की पतासाजी के दौरान पुलिस टीम ने दबिश देकर दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु, पंकज सिंह सिदार उर्फ किट्टु एवं छबी भट्ट उर्फ डब्बू को पकड़ा। आरोपी दिनदयाल भट्ट उर्फ दिनु के मकान से घटना में प्रयुक्त तलवार एवं घटना के समय पहने गए कपड़े बरामद कर पुलिस ने जब्त किए। जब्त तलवार की लंबाई-चौड़ाई के आधार पर प्रकरण में आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 भी जोड़ी गई।


अन्य पोस्ट