रायगढ़
रायगढ़, 18 मई। लैलूंगा थाना क्षेत्र में उस वक्त हडक़ंप मच गया जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए केनापारा निवासी बाबूलाल प्रधान को नशीली दवा कोरेक्स के जखीरे के साथ पकड़े जाने की खबर सामने आई।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को लंबे समय से इलाके में नशीली सिरप की अवैध बिक्री की शिकायत मिल रही थी। इसी बीच मुखबिर से मिली सूचना पर लैलूंगा पुलिस ने दबिश दी, जहां से कथित तौर पर 150 से ज्यादा कोरेक्स शीशी बरामद होने की चर्चा पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नशीली दवाओं का अवैध कारोबार गांव-गांव तक पहुंच चुका है, जिससे युवा पीढ़ी तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रही है। अब इस कार्रवाई के बाद लोग पुलिस से बड़े नेटवर्क का खुलासा करने की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। बरामद नशीली दवाओं की वास्तविक संख्या और कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।


