रायगढ़

पानी की तलाश में कोटरी गांव में घुसा, कुत्तों के हमलों में घायल
07-May-2026 6:18 PM
पानी की तलाश में कोटरी गांव में घुसा, कुत्तों के हमलों में घायल

वन अमले ने सुरक्षित जंगल में छोड़ा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 7 मई। मंगलवार की सुबह चिराईपानी गांव में जंगल से भटककर एक कोटरी गांव पहुंच गया। इस दौरान कुत्तों ने उस पर हमला करके उसे घायल कर दिया। वन विभाग ने घायल कोटरी का इलाज करके उसे जंगल में छोड़ दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार करीब साढ़े 7 बजे जंगल से भटककर एक कोटरी चिराईपाली गांव में आ पहुंचा। अनजान माहौल और इंसानी बस्ती के बीच घिरा यह मासूम जानवर अचानक कुत्तों के झुंड के निशाने पर आ गया। कुत्तों ने उसे दौड़ाना शुरू किया, और जान बचाने की जद्दोजहद में कोटरी भागते-भागते मनोज डनसेना के घर के आंगन में घुस गया। लेकिन खतरा यहीं खत्म नहीं हुआ कुत्ते लगातार उसका पीछा करते रहे।

मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए लाठी-डंडों के सहारे कुत्तों को भगाया और किसी तरह कोटरी को उनके चंगुल से छुड़ाया। हालांकि इस हमले में कोटरी पूरी तरह सुरक्षित नहीं बच सका। कुत्तों ने उसके पिछले पैरों पर हमला कर उसे घायल कर दिया, जिससे वह दर्द से कराहता रहा। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। टीम ने घायल कोटरी का प्राथमिक उपचार किया और फिर उसे सुरक्षित तरीके से देलारी के जंगलों में छोड़ दिया, ताकि वह अपने प्राकृतिक वातावरण में वापस लौट सके।

यह घटना न सिर्फ इंसानों और वन्य जीवों के बीच बढ़ती दूरी को दर्शाती है, बल्कि यह भी याद दिलाती है कि जंगल से भटककर आने वाले इन बेजुबान जीवों को हमारी संवेदनशीलता और सुरक्षा की कितनी जरूरत है।


अन्य पोस्ट