रायगढ़

अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार
18-May-2026 3:02 PM
अवैध शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 18 मई।  वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में खरसिया, छाल और पुसौर थाना क्षेत्रों में मुखबिर सूचना पर अलग-अलग कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कुल 58 लीटर अवैध महुआ एवं देशी शराब जब्त कर 3 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की है। 

कल छाल पुलिस ने शराब रेड कार्रवाई में आरोपित चौन सिंह से भारी मात्रा में शराब जब्त की है । टीआई छाल नासिर खान को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम हाटी बाजार पारा के पीछे एक व्यक्ति महुआ शराब बिक्री कर रहा है। सूचना पर छाल पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी चौनसिंह राठिया ( 50) निवासी कीदा को पकड़ा। आरोपी के कब्जे से अलग-अलग प्लास्टिक जरीकेनों में भरी कुल 35 लीटर महुआ शराब बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध थाना में धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। 

इसी तरह कल थाना पुसौर पुलिस को मुखबिर सूचना मिली कि एक व्यक्ति स्कूटी में अवैध शराब लेकर तेतला की ओर जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने तेतला रोड पर घेराबंदी कर स्कूटी  को रोका। जांच के दौरान आरोपी रवि कर्ष (34) निवासी ग्राम सूपा थाना पुसौर के कब्जे से बैग में रखी 50 पौवा देशी प्लेन शराब (करीब 9 लीटर) बरामद की गई। शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की गई।

वहीं आज चौकी खरसिया पुलिस को सूचना मिली कि मंगल बाजार रोड किनारे एक व्यक्ति अवैध महुआ शराब बिक्री के लिए रखा हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम ने गवाहों के साथ मौके पर रेड कार्रवाई की, जहां आरोपी भोलू चौहान (31) निवासी पुरानी बस्ती खंतीपार खरसिया को पकड़ा गया। आरोपी के कब्जे से 15 लीटर क्षमता वाले जरीकेन में भरी करीब 14 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद कर जब्त की गई।

आरोपी के विरुद्ध चौकी खरसिया में आबकारी एक्ट की धारा 34-2, 59-क के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही किया गया है। कार्रवाई में एएसआई मनोज पटेल, आरक्षक साविल चंद्रा, किशोर राठौर, मुकेश यादव और एमरेसिया टोप्पो शामिल थे।


अन्य पोस्ट