रायगढ़
4 आरोपी चालक गिरफ्तार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायगढ़, 18 अप्रैल। अवैध कबाड़ के विरुद्ध लगातार दूसरे दिन भी सख्त कार्रवाई जारी रही। इसी क्रम में एसडीओपी खरसिया प्रभात पटेल के मार्गदर्शन में थाना छाल पुलिस द्वारा थाना बेरियर के पास सघन नाकेबंदी कर कोरबा की ओर से आ रहे चार कबाड़ लोड ट्रकों को पकड़ा गया। कार्रवाई में कुल 81.02 टन लोहे का पाइप, एंगल एवं स्क्रैप जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 34.13 लाख रुपये है, वहीं वाहनों की कीमत करीब 48 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल 82.13 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर विधिवत कार्रवाई की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि हाटी से छाल होते हुए घरघोड़ा की ओर अवैध कबाड़ का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना पर तत्काल थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नसिर खान के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाना के सामने बेरियर में नाकेबंदी कर संदिग्ध ट्रकों को रोका गया। जांच के दौरान ट्रक क्रमांक सीजी 13 एलए 3817 के चालक छोटे लाल यादव निवासी कोरबा, ट्रक सीजी 12 एस 1988 के चालक नरसिंग यादव निवासी कोरबा, ट्रक सीजी 12 एस 1525 के चालक छबिनाथ प्रसाद निवासी कोरबा तथा ट्रक के चालक अरविंद कुमार सिंह निवासी कोरबा को पकड़ा गया। चारों वाहनों में भारी मात्रा में लोहा, टीना, एंगल एवं स्क्रैप लोड पाया गया, किंतु किसी भी चालक द्वारा वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।


