रायगढ़

लोक सेवा केन्द्र में साइबर पुलिस टीम का छापा
13-Apr-2026 7:55 PM
लोक सेवा केन्द्र में साइबर पुलिस टीम का छापा

महत्वपूर्ण दस्तावेज ले गई जांच टीम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

रायगढ़, 13 अप्रैल। पुलिस विभाग की टीम ने आज रायगढ़ शहर के बुढ़ी माई मंदिर के पास स्थित एक काल सेंटर में छापामार कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त करते हुए वहां काम करने वाले एक दर्जन से भी अधिक युवतियों से पूछताछ करते हुए मामले को जांच में लिया है।

इस छापे में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस काल सेंटर में काम करने वाले लड़कियां शादी का झांसा देकर लोगों से रकम की उगाही करती थी। साथ ही साथ कई मामले में काल के माध्यम से लोगों को ठगने का भी काम करते आ रही थी। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस की साइबर  टीम ने पूरी तैयारी के साथ छापामार कार्रवाई करते हुए काल सेंटर के मालिक कपिल गर्ग सहित अन्य लोगों से पूछताछ करके आगे की कार्रवाई कर रही है।

रायगढ़ जिला मुख्यालय स्थित बुढ़ी मांई मंदिर के पास लंबे समय से संचालित निधि परिवहन केन्द्र में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के नेतृत्व में सायबर टीम ने एक छापामार कार्रवाई करते हुए परिवहन केन्द्र के कागजातों को जब्त करके वहां मौजूद सभी महिला कर्मचारी व पुरूष कर्मचारियों से पूछताछ की है। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को इस काल सेंटर के माध्यम से साइबर फ्राड के अलावा शादी का झांसा देकर युवकों से ठगी करने की शिकायत मिली थी, इतना ही नहीं इस निधि परिवहन केन्द्र में मैट्री मोनियल का भी संचालन किया जा रहा था और इसकी जानकारी भी छिपाई जा रही थी।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने खुद वहां मौजूद संचालक व अन्य कर्मचारियों से पूछताछ करते हुए कई महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई है और इस निधि परिवहन केन्द्र के कागजातों को भी जब्त करके इस बात की जानकारी ले रही है कि परिवहन केन्द्र के नाम पर लडक़ा-लडक़ी फोटो दिखाकर उनके नाम से फीस भी वसूलते थे और यह रकम हजारों में भी होती थी, इतना ही नहीं नये तरह के सायबर फ्राड से जुड़े होने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने इतनी बड़ी कार्रवाई की है और अब जांच के बाद यह खुलासा होगा कि इस परिवहन केन्द्र का यह कारोबार कब से चल रहा था और कितने लोगों से ठगी की गई है।


अन्य पोस्ट