रायगढ़
रायगढ़, 13 अप्रैल। महिला थाना रायगढ़ में कल एक प्रार्थिया द्वारा अपनी 13 वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ पड़ोसी द्वारा छेड़छाड़ किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। प्रार्थिया ने बताया कि 10 अपै्रल को वह अपने पति के साथ शादी निमंत्रण पर पत्थलगांव गई थी, घर पर बच्चे अकेले थे। इसी दौरान दोपहर में उसकी बेटी ने मोबाइल पर कॉल कर बताया कि पड़ोसी हेमंत कुर्रे (26 वर्ष) छोटी लकड़ी पीडि़ता को बहला-फुसलाकर खेलने के बहाने अपने घर ले गया और वहां गलत नियत से छेड़छाड़ किया। अगले दिन घर लौटकर जब प्रार्थिया एवं उसके पति ने बालिका से पूछताछ की, तब पूरी घटना सामने आई। प्रार्थिया की रिपोर्ट पर महिला थाना में आरोपी के विरुद्ध धारा 74, 75(1)(प) भारतीय न्याय संहिता और 8 पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान आरोपी की गिरफ्तारी हेतु महिला थाना और थाना जुटमिल की पेट्रोलिंग टीम द्वारा उसके घर दबिश दी गई, किंतु आरोपी फरार मिला। तत्पश्चात तत्काल साइबर टीम की सहायता से आरोपी को चक्रधर नगर क्षेत्र से उसे हिरासत में लिया गया। महिला थाना लाकर पूछताछ करने पर आरोपी हेमंत कुर्रे ने अपना अपराध स्वीकार किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर कोर्ट पेश किया गया, जहां जेल वारंट पर आरोपी को भेजा गया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।


